
Koderma: खतियानी जोहार यात्रा का दूसरा चरण 17 जनवरी यानि आज मंगलवार से शुरू हो रहा है. इस यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कोडरमा पहुंच रहे हैं. कोडरमा से शुरू हो रहे इस यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. सीएम सोरेन यहां दोपहर एक बजे से बागीटांड में आयोजित सभा में शामिल होंगे और लोगों को संबोधित करेंगे. मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बागीटांड स्टेडियम में भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है. आयोजित सभा के दौरान सीएम कोडरमा और गिरिडीह जिले के ढिबरा, माइका उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए लोगों को सौगात देंगे.
ढिबरा, माइका के कारोबार को पुनर्जीवित करने को लेकर कुछ माह पहले तैयार पॉलिसी के तहत सहकारी समितियों के जरिए मजदूरों को जोड़कर ढिबरा की खरीद-बिक्री की सांकेतिक शुरुआत मुख्यमंत्री के हाथों कराया जाएगा. खतियानी जोहार यात्रा के तहत सीएम सांकेतिक रूप से एक ट्रक में लोड ढिबरा को जेएसएमडीसी के चंदवारा के थाम में चिह्नित डंप के लिए रवाना करेंगे. इस नीति के तहत डंप में ढिबरा, माइका की छंटाई होने के बाद इसकी ऑनलाइन नीलामी करने का प्रावधान है. इससे ढिबरा का कारोबार वैध होने पर व्यापारियों को भी राहत मिलेगी. इसके लिए अब तक दो समितियों का निबंधन हुआ है. तीन अन्य के निबंधन की प्रक्रिया चल रही है. जिले में कई समितियां बनाकर वास्तविक मजदूरों को लाभ पहुंचाने का काम किया जाएगा. सीएम खतियानी जोहार यात्रा के तहत कोडरमा आ रहे हैं, इस दौरान स्वास्थ्य विभाग में हाल में की गई 63 नियुक्तियों में से कुछ को नियुक्ति पत्र भी देंगे. मुख्यमंत्री सदर अस्पताल, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी कर सकते हैं. इसके साथ ही उनके लक्ष्मीपुर जाने की भी योजना है. सीएम पहले हेलीकॉप्टर से जेजे कॉलेज मैदान पहुंचेंगे. इसके बाद सड़क मार्ग से बागीटांड स्टेडियम आएंगे. यहां के बाद उनका कार्यक्रम गिरिडीह जाने का है. रात्रि विश्राम भी गिरिडीह में ही है.
इसे भी पढ़ें: Ranchi: नगरी इलाके में मिला शव, हत्या की आशंका! जांच में जुटी पुलिस




