
Palamu: पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के भंडरिया-रंका, चिनियां एवं रमकंडा के इलाके में आंतक मचा रहे आदमखोर तेंदूए को पकड़ने के लिए हैदराबाद के चर्चित जानवरों के शूटर नवाब सफथ अली खान आज गढ़वा पहंुच रहे हैं. उनके साथ एक्सपर्ट की टीम भी होगी. इस टीम की पहली कोशिश होगी कि तेंदूए को बेहोश किया जाए और उसे कैद किया जाये. उनकी इस टीम में बिरसा जैविक उद्ययान रांची के पशु चिकित्सक डा. ओेंप्रकाश साहू भी रहेंगे. इसके अलावा बुधवार को मेरठ से तीन ऑटोमेटिक पिंजड़ा लाया गया है. एक पिंजरा पीटीआर में है. कुल चार पिंजरा भंडरिया के इलाके में लगाने की तैयारी है. इन पिंजरों में तेंदुआ को फंसाने के लिए बकरी को रखा जाएगा.
हालांकि पिछले तीन दिनों से विभिन्न लोकेशनों पर लगायी गयी कैमरों में कहीं भी तेंदूए की फुटेज नहीं दिखी है. यह भी बताया गया है कि आदमखोर तेंदूए की पहचान के लिए उसके नाखून के अंधरूनी भाग को खुरचकर जांच के लिए सुरक्षित रखा जायेगा, ताकि उसके नाखून में लगे मानव खून की जांच हो सके.
इधर, वन विभाग ने तेंदूए की खोज में 10 टीमें गठित कर रखी है. प्रत्येक टीम में 10 व्यक्ति शामिल हैं. वहीं गढ़वा जिले की पुलिस भी इस अभियान में वनकर्मियों का साथ दे रही है. गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा ने बताया कि जिस थाना क्षेत्र के जंगली इलाके में वन विभाग तेंदूए की तलाश में रहता है. वहां संबंधित थाने की फोर्स उनके साथ-साथ होती है. उन्होंने कहा कि गढ़वा पुलिस किसी भी गढ़वावासी की जान नहीं जाने देंगे. इसके लिए गढ़वा पुलिस आदमखोर तेंदूए की तलाश में वन विभाग के साथ पूरे तालमेल के साथ काम कर रही है.
गढ़वा में अब तक 4 लोगों की जान लेने वाले तेंदुए को आदमखोर घोषित कर दिया गया है. वन विभाग की टीम ने कई दौर की बैठक के बाद यह फैसला लिया है. गढ़वा का जंगली इलाका पलामू, छत्तीसगढ़, लातेहार से सटा हुआ क्षेत्र है. फिलहाल तेंदुए को पकड़ने की कोशिश की जाएगी. अगर वो आसानी से टीम की पकड़ में नहीं आएगा तो उसका एनकाउंटर किया जाएगा. हैदराबाद से मशहूर ट्रैंकुलाइज शूटर नवाब शफत अली खान को बुलाया गया है. इसके अलावा वाइल्ड लाइफ ऑफ इंडिया से एक रिसर्चर शहजादा भी आ रहे हैं.
अब तेंदुए को शूटर की मदद से ट्रैंकुलाइज किया जाएगा. इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में ही रेस्क्यू सेंटर लाया जाएगा. विभाग अंतिम विकल्प के तौर पर उसे मारने का निर्णय लेगा. पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र में 100 से ज्यादा तेंदुए हैं. गढ़वा के रंका, रमकंडा, भंडरिया,चिनिया इलाके में तेंदुए का सबसे ज्यादा खौफ है. अब तक वन विभाग उस तेंदुए की पहचान में असफल रहा है जो आदमखोर है.
एक महीने में गढ़वा और लातेहार में 4 बच्चों की जान ले चुका तेंदुए पूरे इलाके के लिए बड़ा खतरा है. गढ़वा जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी शशि कुमार, रंका प्रक्षेत्र के गोपाल चंद्रा और विभाग के रमाशंकर प्रसाद और राजीव पांडेय टीम के साथ तेंदुए को पकड़ने में लगे हैं. अब तक विभाग को सफलता नहीं मिली है. तेंदुआ बार-बार अपना लोकेशन बदल रहा है.
50 कैमरों से रखी जा रही है नजर
कोमंगराही गांव में पिंजरे और ट्रैपिंग कैमरे लगाए गए थे. इसी बीच एक पेंच फंस गया. विभाग का मानना था कि एक ही तेंदुआ अलग-अलग जगह बच्चों पर हमला कर रहा है. पर, अब ड्रोन कैमरे में एक साथ तीन तेंदुए दिखे. 50 कैमरों से इलाके की निगरानी की जा रही है. अब इन तीनों में कौन सा तेंदुआ आमदखोर है, उसकी पहचान करना विभाग के लिए चुनौती बन गया है.
तीन तेंदूए वाली खबर फर्जी: डीएफओ शशि
गढवा के डीएफओ उतरी शशि कुमार ने तीन तेंदूए वाली खबर को फर्जी बताया है. उन्होंने कहा कि अभी तक किसी ड्रोन या फिर अन्य रिकार्डडेड उपकरण से तीन तेंदुआ के दिखने या फिर होने की पुष्टि नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि तेंदुआ का पगमार्क मिला है. हमला करने का तरीका, आदत से कंफर्म हुआ है कि इलाके में तेंदुआ की गतिविधि है. हमले के बाद पहचान के लिए ग्रामीणों को तेंदुआ की तस्वीर दिखाने के बाद उन्होंने इसकी मौजूदगी की बात कही है.
इसे भी पढ़ें: गढवा: तेंदूए से बन रहा लगातार भय का माहौल, गेहूं पटवन पर पड़ा असर




