
Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने एक बार फिर से राज्य की हेमंत सरकार पर निशाना साधा है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार और घोटालों में आकंठ डुबी राज्य सरकार में रोज नए कारनामे उजागर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि अब सरकार में भ्रष्टाचार नहीं बल्कि भ्रष्टाचार की सरकार है हेमंत सरकार. उन्होंने कहा कि अब सरकार के मंत्री विकास की जिम्मेदारी नहीं संभाल रहे बल्कि ठिक्का पट्टा,टेंडर मैनेज करने में ही अपनी सारी ताकत लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय ने जिस प्रकार से राज्य सरकार के मंत्री के खिलाफ कड़ी टिप्पणी दी है उससे राज्य सरकार का असली चेहरा उजागर हुआ है. उन्होंने कहा कि जिस विभाग में हाथ डालिए घोटाले ही घोटाले,भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है.
इसे भी पढ़ें: उम्मीदों के शहर के लिए नगर विकास विभाग ने नागरिकों से अर्बन आउटकम फ्रेमवर्क में 23 दिसंबर तक मांगा फिडबैक
उन्होंने कहा कि चाहे सिंचाई विभाग का घोटाला हो या फिर फ्लाइ ओवर का सभी में भ्रष्टाचार व्याप्त है. कहा कि हेमंत सरकार का भ्रष्टाचार राज्य की जनता पर अत्याचार का भयावह और घिनौना स्वरूप है जो राज्य को दीमक की तरह खोखला कर रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री में अगर थोड़ी भी नैतिकता बची है तो ऐसे मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस पार्टी को भी अपने मंत्री से अविलंब इस्तीफा दिलाने की मांग की.
राजनीतिक साजिश के तहत मेन रोड हिंसा की जांच दबा रही हेमंत सरकार
राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने विगत दस जून को रांची मेन रोड हिंसा की धीमी जांच पर उच्च न्यायालय की टिप्पणी को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी और राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजनीतिक साजिश के तहत ऐसा जान बूझकर कर रही है. श्री प्रकाश ने कहा कि घटना के दिन से ही राज्य सरकार तुष्टिकरण की नीति पर चल रही वोट बैंक की राजनीति सरकार पर हावी है. उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार ईमानदारी होती तो अबतक दोषियों को कड़ी सजा मिल गई होती. लेकिन राज्य सरकार की मंशा साफ नही है। यह लीपापोती कर मामले को रफा दफा कर देना चाहती है. दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार ने अगर सख्ती नही बरती तो इस घटना की जांच सीबीआई से अवश्य होनी चाहिए.




