
Jamshedpur : जमशेदपुर इन दिनों ब्राउन शुगर का हब बनता जा रहा है. बीते दिनों ही मानगो पुलिस ने मछली लदे पिकअप वाहन से 320 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया था. इधर, परसुडीह पुलिस को भी ब्राउन शुगर के मामले में सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने 154 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कीताडीह मस्जिद रोड निवासी जावेद खान, गाड़ीवान पट्टी निवासी शकील अहमद और मनसा मंदिर के पास रहने वाला सुरेश यादव उर्फ सन्नी यादव शामिल है. जानकारी देते हुए सिटी एसपी के विजय शंकर ने बताया कि परसुडीह इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री की गुप्त सूचना के बाद पुलिस की टीम ने छापेमारी की और तीन युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान सभी के पास से कुल 154 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया. सभी के पास से एक बाइक भी जब्त की गई है. उन्होंने बताया कि ब्राउन शुगर बिक्री में कमी लाने के लिए आम जनता पुलिस की मदद करे. जानकारी देने वाले को गोपनीय रखा जायेगा.




