
Giridih: संयुक्त बिहार में लालू प्रसाद यादव की सरकार में कद्दावर मंत्री रहे डॉक्टर सबा अहमद के निधन के दूसरे दिन रविवार को उनका पार्थिव शरीर गिरिडीह के बोरो सिथत आवास पहुंचा. जहां उनके पार्थिव शरीर के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग जुटे थे. सीएम के निर्देश पर उनके शव को राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्दे ए खाक किया गया. उनके आवास पर ही उन्हें अंतिम सलामी दी गई. इस मौके पर सूबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, गांडेय विधायक सरफराज अहमद, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी अमित रेनू, एएसपी हरीश बिन जमा, डीएसपी संजय राणा, पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, अधिवक्ता प्रकाश सहाय, कांग्रेस नेता सतीश केडिया, नरेश वर्मा समेत कई नेता और पचम्बा के स्थानीय लोग मौजूद थे. इस दौरान हर खास और आम लोग ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह: ओराड़ी डैम में डूबने से दो बच्चों की मौत

आपको बता दें कि डॉ. सबा अहमद का शनिवार सुबह नई दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया था. वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और बीते दिनों ही वह इलाज के लिए दिल्ली ले जाए गए थे. डॉ अहमद झारखंड-बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे. भाजपा में विलय से पहले तक वह झारखंड विकास मोर्चा की राजनीति कर रहे थे. झाविमो के भाजपा में विलय के बाद पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष रहे डॉक्टर सबा अहमद ने अपने लिए नए राजनीतिक विकल्प तलाशने शुरू किए. कोरोना काल में उनकी सेहत खराब हो गए थे.




