
Palamu: जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के उदयपुरा टू में दुकान लगाने के विवाद में 14 वर्षीय किशोर पर खौलता तेज डाल दिया गया. इससे नाबालिग की स्थिति गंभीर बन गयी है. प्राथमिक उपचार के बाद किशोर को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स ले जाया गया है. किशोर की स्थिति चिंताजनक बताई गई है. चेहरा सहित उसके शरीर का 50 प्रतिशत हिस्सा जल गया है. घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से केवल बयान दर्ज किया गया है. बताया जाता है कि उदयपुरा टू में 16 नवंबर को प्रसाद साव और उसके पुत्र राहुल साव ने मिलकर अनिरूद्ध पासवान के 14 वर्षीय पुत्र ऋषिकेश पासवान के ऊपर उसके ही होटल की कड़ाही से खौलता तेल उसके शरीर पर फेंक दिया. इससे किशोर का चेहरा सहित शरीर का अन्य हिस्सा बुरी तरह जल गया. पांकी सीएससी में प्राथमिक उपचार के बाद एमआरएमसीएच में 17 नवंबर को इलाज के लिए लाया गया. एमआरएमसीएच में बेहतर इलाज नहीं मिलने के कारण और किशोर की स्थिति गंभीर देखकर उसके परिजन उसे इलाज के लिए रांची रिम्स ले गए.
इसे भी पढ़ें: खनिज और जमीन लूट को लेकर हेमंत सोरेन को ईडी और सीबीआई जेल भेजने के लिए तैयार: बाबूलाल मरांडी
बताया जाता है कि दशहरा के समय से ऋषिकेश पासवान और उसकी मां उदयपुरा टू के सार्वजनिक इलाके में दुकान लगा रहे थे. राहुल और उसका पिता प्रसाद इसके खिलाफ थे और दुकान हटा लेने की चेतावनी दे रहे थे. 16 नवंबर को विवाद के क्रम में ऋषिकेश पर खौलता हुआ तेल फेंक दिया गया.
दलितों पर बढ़ें हमले: भीम आर्मी
भीम आर्मी के प्रदेश मुख्य महासचिव नागमणि रजक ने आरोप लगाया कि घटना के 24 घंटे बाद किसी तरह का कोई पुलिस केस नहीं किया गया. पूछने पर डॉक्टर टालमटोल करते नजर आए. एमआरएमसीएच में बेहतर इलाज नहीं मिला. उन्होंने कहा कि दलितों पर हमले काफी बढ़ गए हैं. ऋषिकेश मामले में आरोपी पिता-पुत्र सहित अन्य की गिरफ्तारी नहीं होने पर पलामू सहित पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज किया जायेगा. उन्होंने कहा कि उनकी सक्रियता बढ़ने पर सदर थाना से महिला पुलिसकर्मी के द्वारा बयान दर्ज किया गया है.




