
Jamshedpur : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत विजया गार्डन निवासी हनुमंत राव के 18 वर्षीय पुत्र एम दिविज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी. दिविज ने खुद को अपने कमरे में बंद कर चादर से पंखे के सहारे फांसी लगाई. इसकी जानकारी हनुमंत को तब हुई जब वो दिविज के कमरे में गए. उन्होंने पाया कि दिविज का कमरा अंदर से बंद है. दरवाजा तोड़ने पर देखा कि दिविज का शव फंदे से लटका हुआ है. घटना की सूचना बिरसानगर पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक एम दिविज एनटीटीएफ़ का छात्र था. पिता हनुमंत ने बताया कि एनटीटीएफ से उसे एक प्रोजेक्ट मिला था जिसको लेकर उन्होंने दिविज को प्रोजेक्ट पर जोर देने को कहा था. दोपहर में वह गुस्से में आकर अपने कमरे में चला गया था. शाम को दिविज का साथी प्रोजेक्ट में मदद करने आया था पर दिविज ने दरवाजा नही खोला. दरवाजा तोड़ने पर देखा की दिविज फंदे से लटका हुआ था. फिलहाल पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है.




