
Jamshedpur : टेल्को स्थित सबुज कल्याण संघ के सामने 3 अक्टूबर को हुए रंजीत सिंह हत्याकांड में अब एक नया एंगल सामने आ रहा है. रंजीत की हत्या के बाद उसके भतीजे ने यह अंदेशा जताया था कि रंजीत की हत्या उसके प्रतिद्वंदी गुट के लोगों ने की है, लेकिन अब यह सामने आ रहा है कि रंजीत की हत्या जेल की एक घटना से जुड़ी है.
जेल में रंजीत और छब्बू में हुई थी मारपीट
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रंजीत मात्र 13 दिन पहले जेल से छूटा था. जेल में रहते उसका छब्बू नामक अपराधी से झगड़ा हुआ था. जानकारी के अनुसार छब्बू पहले रंजीत का साथी था. दोनों में काफी दोस्ती थी. यह वही छब्बू है, जिसे जमशेदपुर कोर्ट में गैंगस्टर अखिलेश सिंह पर गोली चलाने के मामले में नामजद किया गया है. सूत्रों के अनुसार कुछ महीने पहले जेल में रंजीत और छब्बू के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें रंजीत में छब्बू की काफी पिटाई की थी. जमानत पर जेल से निकलने के बाद छब्बू इस इंतजार में था कि कब रंजीत सिर्फ जेल से बाहर आये और वह इसका बदला ले.
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
सूत्रों के अनुसार 3 अक्टूबर को सबुज कल्याण संघ के बाहर रंजीत की हत्या में छब्बू का हाथ है. सूत्रों ने बताया कि घटना के वक्त छब्बू वहां मौजूद था. हालांकि इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. पुलिस की जांच में ही यह साफ हो पाएगा कि रंजीत की हत्या किसी प्रतिद्वंदी गिरोह के लोगों ने की है अथवा जेल के अंदर मारपीट की घटना का बदला लेने के लिए उसकी हत्या की गई है.
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : सड़क निर्माण करवा रहे ठेकेदार से लेवी लेने पहुंचे दो पीएलएफआई नक्सली हथियार के साथ गिरफ्तार, एक फरार




