
Palamu: नेशनल हाईवे 39 पर पिछले 24 घंटे के दौरान दो सड़क हादसे हुए. जिससे एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई. तीनों शव का पोस्टमार्टम मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल- एमआरएमसीएच में बुधवार को किया गया. पहली घटना मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा में हुई. एक बाइक पर सवार तीन युवक पड़वा थाना क्षेत्र से डालटनगंज की ओर आ रहे थे. इसी बीच सिंगरा में उनकी मोटरसाइकिल में एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. इस घटना में मौके पर ही पडवा के बटसारा निवासी भरदूल कुमार (19वर्ष), पिता बिरेंद्र राम की मौत हो गई. भरदूल मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि पीछे बैठा कजरी निवासी संजीव कुमार, पिता नवीन सिंह (20 वर्ष) गंभीर रूप से जख्मी हो गया. तीसरे युवक धनंजय कुमार को कोई चोट नहीं आई. आनन-फानन में संजीव कुमार को इलाज के लिए रांची रिम्स ले जाया जा रहा था, लेकिन मांडर पहुंचने पर उसकी मौत हो गई.
सदर थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि जिस समय घटना हुई उस वक्त काफी तेज बारिश हो रही थी. सूचना मिलने पर पीसीआर की टीम घायलों को लेकर एमआरएमसीएच में भर्ती कराया. यहां से संजीव कुमार को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. रांची ले जाने के क्रम में मांडर के पास उसकी मौत हो गई.
इधर, बुधवार को पोस्टमार्टम कराने आए भरदूल के परिजनों ने बताया कि एक बाइक पर तीन युवक भरदूल, संजीव और धनंजय (14वर्ष) सवार होकर डालटनगंज की ओर आ रहे थे. घर से बिना बताए तीनों निकले थे. इसी बीच हादसे की जानकारी हुई. भरदूल इंटर का छात्र था.
दूसरी घटना नावा बाजार थाना क्षेत्र के ब्रह्ममोरिया में हुई. मंगलवार की शाम खाना खाकर घर से बाहर टहलने निकली 70 वर्षीय सुमित्रा कुंवर, पति आदित्य पांडे को एक पिकअप वाहन धक्का मारते हुए फरार हो गया. महिला को लेकर उसके परिजन इलाज के लिए एमआरएमसीएच में पहुंचे. यहां कुछ देर इलाज चलने के बाद महिला अपने घर चली गई.परिजनों का कहना है कि इलाज के बाद डॉक्टर ने कहा कि उसकी हालत ठीक है. घर ले जाने के 3 घंटे बाद सुमित्रा कुंवर की मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें: देवघर : सेवा पखवाड़ा के तहत भाजपा के स्वच्छता अभियान में शामिल हुए प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी




