
Chaibasa : चाईबासा के लोगों के साथ-साथ आज मेरा वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है. उक्त बातें पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहीं. वे शनिवार को चाईबासा में 39 करोड़ की लागत से तैयार पुनर्गठित शहरी जलापूर्ति योजना का उद्घाटन करने के बाद जनता को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि जो चाईबासा के लोगों ने 2013 में सपना देखा था. वह आज 2022 में जाकर पूरा हुआ है. इस बीच वह निरंतर प्रयास करते आ रहे थे कि जल्द से जल्द योजना पूरी हो. मंत्री ने कहा कि आज योजना का लोकार्पण करके असीम खुशी मिल रही है. हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्रित्व काल में इस योजना का शिलान्यास हुआ था, लेकिन बाद की सरकार में परिस्थितियां कुछ ऐसी बनी कि यह योजना अधर में लटक गयी. इसके लिए 2019 में मंत्री बनने के बाद से वह लगातार प्रयासरत थे और आज चाईबासा के लोगों को यह योजना सुपुर्द कर रहे हैं.
विपरीत परिस्थिति में 14 लाख घरों तक पेयजल पहुंचाया
मंत्री ने आगे कहा कि सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत राज्य के 61 लाख 21 हजार घरों तक 2024 तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है. मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि जब हमने काम शुरू किया. उस समय महज 4-5 फीसदी ही काम हुआ था. विपरीत परिस्थितियों में काम करते हुए 14 लाख घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचा दिया गया है और कोशिश है कि समय से सारी योजनाओं को धरातल पर उतार दिया जाये. यदि 2024 तक सभी योजनाएं पूर्ण नहीं हो पाती है तो टाइम एक्सटेंशन के लिए केंद्र सरकार से लगातार पत्राचार किया जा रहा है और उम्मीद है कि सरकार हमारी बात को समझेगी. चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि अभी भी यह योजना पूर्ण रूप से पूरी नहीं हो सकी है. काफी काम बाकी है, 79 किलोमीटर पाइपलाइन बिछी है, जबकि 15 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का काम बाकी है. 5 हजार घरों में कनेक्शन करना बाकी है. उन्होंने कहा कि जब यह योजना बनी थी, तो नगर परिषद का क्षेत्र बड़ा था, इसलिए उस पूरे क्षेत्र को इस योजना में शामिल किया जाना चाहिए.
इससे पहले 39 करोड़ की लागत से तैयार शहरी जलापूर्ति योजना का विधिवत शुभारंभ मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने दीप जलाकर व शिलापट्ट का अनावरण और स्विच आन कर किया. बता दें कि चाईबासा शहर के 21 वार्डों के 17 हजार घरों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जायेगी. इस दौरान चाईबासा विधायक दीपक बिरुआ, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव और जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन आदि मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- केके खंडेलवाल सहित तीन आइएएस अधिकारी 31 जुलाई को हो जायेंगे रिटायर




