
Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. मंगलवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उड़िया मध्य विद्यालय के समीप संचालित अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त करते हुए आधा दर्जन शराबियों को हिरासत में ले लिया. वहां से भारी मात्रा में महुआ शराब भी जब्त की गयी है. हालांकि छापेमारी के दौरान भट्ठी संचालिका मौके से भागने में सफल रही.
बता दें कि आदित्यपुर थाना की कमान मिलने के बाद से लगातार थाना प्रभारी राजन कुमार ब्राउन शुगर, गांजा और शराब के अड्डों पर छापेमारी कर रहे हैं. इतना ही नहीं, सड़कों, गलियों- मोहल्लों तथा चौक-चौराहों पर भी उनका अभियान जारी है. मंगलवार को चलाये गये अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि उक्त भट्टी का संचालन एक महिला द्वारा किया जा रहा था, जो छापेमारी की जानकारी मिलते ही मौके से भागने में सफल रही. उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने दोहराया कि उनके रहते क्षेत्र में नशे का कारोबार किसी कीमत पर नहीं होने दिया जायेगा. वहीं उन्होंने स्कूल के समीप शराब भट्टी संचालित होने पर हैरानी भी जतायी और कहा इसके लिए जिम्मेदार कारकों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भयमुक्त होकर रहने की अपील की. साथ ही शराब, गांजा, ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों की सूचना पुलिस को देने की अपील की.
ये भी पढ़ें- JHARKHAND: सीएम के साथ मनरेगा कर्मियों की बैठक में मानदेय वृद्धि सहित अन्य मांगों पर होगा अंतिम निर्णय




