
Ranchi: झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक आज मंगलवार को शाम छह बजे से प्रारंभ होगी. इस बैठक में पुरानी पेंशन योजना लागू करने सहित सड़क-पुल की कई बड़ी परियोजनाओं पर भी स्वीकृति दी जाएगी. इसके अलावा परिवहन विभाग के द्वारा रोड टैक्स में छूट सहित अन्य प्रस्ताव भी शामिल होंगे. नगर निकाय चुनाव दलगत आधार पर चुनाव नहीं कराने की नियमावली भी मंजूर की जायेगी. इसके साथ ही 14 नगर निकायों में चुनाव का भी रास्ता साफ हो जायेगा.
पथ निर्माण विभाग अंतर्गत रांची से जुड़ी भी कई सड़क की परियोजनाओं को हरी झंडी मिल सकती है. सिरमटोली से राजेंद्र चौक,डोरंडा तक केबल ब्रिज निर्माण संशोधित प्राक्कलन 278 करोड़ की योजना की भी मंजूरी दी जायेगी. 199 करोड़ में अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड के फोरलेनिंग, 122 करोड़ की लागत से बरियातू से कांके रोड को जोड़ने वाली सड़क,खेलगांव रोड,एयरपोर्ट से नामकुम रोड निर्माण की भी मंजूरी मिल सकती है. इसके अलावा बोकारो में आइटीआई मोड़ से उकरीद मोड़,चास बाजार रोड को भी 51.46 करोड़ में बनाने की स्वीकृति दी जायेगी.




