JharkhandLead NewsRanchi

नूपुर शर्मा प्रकरण को लेकर रांची में डेली मार्केट बंद, आधा दर्जन ड्रोन कैमरे से निगरानी

Ranchi: बीजेपी से निष्कासित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान के विरोध में रांची स्थित डेली मार्केट में दुकाने बंद रहीं. पुलिस इस विरोध प्रदर्शन को लेकर पूरी निगरानी रख रही है. इलाके में आधा दर्जन से अधिक ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं. रेपिड एक्शन फोर्स व इको कंपनी की भी तैनाती की गई है. पुलिस इलाके में फ्लैग मार्च कर रही है. शहर के संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है. गुरुवार को न्यू डेली मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन की बैठक में बंद का निर्णय लिया गया था. जिसमें न्यू डेली मार्केट के सभी दुकानदार और आस-पास के सभी दुकानदार और टैक्सी स्टैंड स्थित दुकानों बंद रखने का निर्णय लिया गया था. विरोध में शाम को डेली मार्केट के बाहर लोकतान्त्रिक तरीक़े से मौन धारण प्रदर्शन किया जायेगा.

ये भी पढ़ें-  राज्यपाल ने सपरिवार बाबा बैद्यनाथ के दरबार में टेका माथा

पेशे से वकील नूपुर शर्मा बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता थीं, अब निष्कासित

एक न्यूज चैनल के डिबेट में 27 मई को नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर विवादित बयान दिया था. बहस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू आस्था का लगातार मजाक उड़ा रहे हैं. अगर यही है तो वह भी दूसरे धर्मों का मजाक उड़ा सकती हैं. नूपुर ने इसके आगे इस्लामी मान्यताओं का जिक्र किया. नूपुर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं.

2008 में एवीवीपी की ओर से छात्र संघ चुनाव जीतने वाली नूपुर एकमात्र उम्मीदवार रहीं. लंदन स्कूल ऑफ इकॉनॉमिक्स से पढ़ाई करने वाली नूपुर पेशे से वकील भी हैं. नूपुर शर्मा 2010 में छात्र राजनीति से निकलकर बीजेपी के युवा मोर्चा में सक्रिय हुईं. उन्हें युवा मोर्चा में राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया. वर्तमान में नूपुर शर्मा बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता थीं. 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मैदान में उतारा गया था. नूपुर भाजपा दिल्ली की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की सदस्य भी थी. नूपुर के इस बयान पर देश से विदेश तक प्रतिक्रिया जाहिर की गई. जिसे ध्यान में रखते हुए भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

ये भी पढ़ें- बहनों ने मां के हत्यारे भाई को जिंदा जलाने की कोशिश की, अस्पताल में

Related Articles

Back to top button