
Jamshedpur : टाटा स्टील का स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट 8-9 मई को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चौथी इंडियन ओपन जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा. ओलंपियन अन्नू रानी (उत्तर प्रदेश), रोहित यादव जैसे स्टार खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्ग के राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेंगे. रोहित यादव, उन दो भारतीयों में से एक हैं, जिन्होंने इस साल 80 मीटर के निशान से आगे भाला फेंका है. प्रतियोगिता आठ श्रेणियों में होगी, जिसमें 38 पुरुष और लड़के और 30 महिलाएं और लड़कियां भाग लेंगी.
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के अध्यक्ष आदिले जे सुमरिवाला ने कहा कि एएफआई खुश है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जमशेदपुर में लौटेगी, जिसकी मेजबानी टाटा स्टील कर रही है. उन्होंने कहा, “भारतीय एथलेटिक्स पिछले कुछ वर्षों से विकास पथ पर है, जिसमें नीरज चोपड़ा का ओलंपिक स्वर्ण सही गति प्रदान कर रहा है. टाटा स्टील के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों का समर्थन करने का निर्णय एएफआई को और अधिक मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करता है. विशेष रूप से ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा इस साल के अंत में ओरेगन में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए तुर्की में प्रशिक्षण जारी रखे हुए हैं. मार्च में पटियाला में उद्घाटन राष्ट्रीय ओपन थ्रो प्रतियोगिता और पिछले महीने कोझीकोड में फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बाद यह इस साल भाला फेंकने वालों के लिए यह तीसरी बड़ी प्रतियोगिता है. इस कैलेंडर को एथलीटों को इस साल विभिन्न अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए अर्हता प्राप्त करने और प्रतिस्पर्धा करने का मौका देने के लिए डिज़ाइन किया गया है.
इसे भी पढ़ें – धनबाद में फिर फायरिंग: गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों ने डब्लू अंसारी को मारी तीन गोली, हालत नाजुक




