ChaibasaJamshedpurJharkhand

चाईबासा : सूरजमल जैन डीएवी स्कूल ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए डीपीएस इंटर कॉलेज को 67 से पराजित किया

कल का मुकाबला डीएवी पब्लिक स्कूल व मारवाड़ी हिन्दी मध्य विद्यालय के बीच होगा

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 11वीं ज्ञानचंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत आज खेले गए मैच में सूरजमल जैन डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल चाईबासा ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए डी.पी.एस. इंटर कॉलेज चाईबासा को 67 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए. इस प्रकार अपने पहले दोनों मैच जीतकर डी ए वी चाईबासा की टीम आठ अंकों के साथ ग्रुप ए में पहले स्थान पर है.

कल प्रातः सात बजे अपने अंतिम ग्रुप लीग मैच में डी ए वी पब्लिक स्कूल चाईबासा का मुकाबला मारवाड़ी हिन्दी मध्य विद्यालय चाईबासा से होगा. कल अगर डी.ए.वी. की टीम जीत जाती है तो बारह अंकों के साथ ग्रुप-ए से सुपर डिवीजन में इसका खेलना पक्का हो जाएगा.

स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में दोनों कप्तानों के बीच टॉस पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के सहायक सचिव शाहिद अख्तर ने करवाया जिसे डी.पी.एस. इंटर कॉलेज के कप्तान ने जीता तथा पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डी ए वी पब्लिक स्कूल चाईबासा की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 164 रन बनाए. सबसे अच्छी बल्लेबाजी यश राज ने की जिसने दो चौकों एवं छह छक्कों की मदद से 71 रनों की बेहतरीन पारी खेली.

अन्य बल्लेबाजों में देवराज ने दो चौकों की मदद से 32 एवं हृतिक सिंह ने 14 रन बनाए. डी.पी.एस. इंटर कॉलेज की ओर से देव कुमार ने 42 रन देकर तीन जबकि आशीष गोप एवं दुर्गा तुबिड ने एक-एक विकेट लिए. जीत के लिए निर्धारित 20 ओवर में 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी.पी.एस. इंटर कॉलेज 17.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 97 रन ही बना सकी. डी.पी.एस. इंटर कॉलेज की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे देव कुमार एकमात्र सफल बल्लेबाज रहे जिसने बारह चौकों की मदद से 58 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहा. अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाए.

डी.पी.एस. स्कूल की पारी की खास बात यह रही कि उसके पांच बल्लेबाज खाता खोले बगैर पेवेलियन लौट गए. सूरजमल जैन डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल की ओर से अभिषेक करण ने मात्र आठ रन देकर तीन विकेट तथा आदित्य राज ने 25 रन देकर तीन विकेट लिए. अभय मिश्रा को दो एवं अभिजीत सेन को एक सफलता हाथ लगी.

मैच समाप्ति के बाद सूरजमल जैन डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, चाईबासा के यशराज को उसकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर अॉफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया. यह पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारिणी समिति के स्कूल प्रतिनिधि सदस्य सह डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल चाईबासा के खेल शिक्षक जयप्रकाश ने प्रदान की.

ये भी पढ़ें- घाटशिला : संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर में बच्चों ने मनाया ईद का त्यौहार

Related Articles

Back to top button