
Ranchi: शिव मंदिर, चुटिया स्थित सुरेश्वरधाम में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम होना है. इसकी शुरुआत अक्षय तृतीया के दिन आज सुबह सबसे पहले कलश यात्रा से हुई. इसमें 2000 से अधिक महिलाओं ने भागीदारी की. यह यात्रा सुरेश्वरधाम से चुटिया होते बहु बाजार स्थित बनस तालाब तक गयी. इसके अलावा बडी़ संख्या में लड़कों, युवाओं और स्थानीय भक्तों ने भी इसमें बढ़ चढकर हिस्सा लिया. आज कलश यात्रा के अलावा पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश कार्यक्रम भी होना है. 4 मई को प्रतिष्ठापित मूर्तियों का अधिवास बेदियों की स्थापना एवं अग्नि स्थापना कार्यक्रम होगा. इसके अगले दिन बेदियों की पूजा, मूर्तियों का अधिवास और हवन होगा. 6 मई को मूर्तियों का अधिवास, स्नान एवं नगर भ्रमण, शिव प्रवचन और सुरेश्वर मंदिर का भव्य श्रृंगार कार्यक्रम निर्धारित है. 7 मई को प्रतिमा प्रतिष्ठा और यज्ञ की पूर्णाहुति तथा भव्य भंडारा होगा.


देश का दूसरा सबसे ऊंचा शिवलिंग
सुरेश्वर मंदिर, स्वर्णरेखा धाम समिति, रांची के मुताबिक सुरेश्वरधाम में शिवलिंग की ऊंचाई देश के दूसरे सबसे ऊंचे कर्नाटक स्थित शिवलिंग के बराबर है. कर्नाटक के कौटिल्य लिंगेश्वर मंदिर में शिवलिंग की ऊंचाई 108 फीट है. सुरेश्वरधाम मंदिर के शिवलिंग को एक किमी दूर से भी देखा जा सकता है. मंदिर के अंदर की परिधि 625 स्क्वायर फीट है. स्वर्ण रेखा नदी के किनारे स्थित इस मंदिर के लिए श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने को जल नजदीक से ही मिल जायेगा. सुबह शाम की आरती से यहाँ रौनक रहेगी.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand: 59 आइटीआइ में जल्द ही 726 प्रशिक्षण पदाधिकारियों की होगी नियुक्ति, जल्द अड़चन होगी दूर




