
Jamshedpur : कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने गुरुवार को आरोप लगाया कि विभिन्न भारतीय बैंकों ने अमेजॉन और फ्लिपकार्ट सहित कई विदेशी वित्त पोषित ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ मिलकर एक अपवित्र कार्टेल बना लिया है. इससे देश भर के व्यापारियों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भेजे पत्र में कैट ने कहा है कि देश के विभिन्न सरकारी एवं प्राइवेट बैंक अमेजॉन एवं फ्लिपकार्ट सहित अन्य अनेक ई कॉमर्स पोर्टल पर खरीदारी के एवज में भुगतान के लिए क्रेडिट और डेबिट कार्ड का उपयोग करने पर 10 प्रतिशत कैशबैक तथा अन्य सुविधाएं देते हैं. यह सुविधा ऑफलाइन बाजार से माल खरीदने पर ग्राहकों को नहीं मिलती. इससे व्यापार के लिए एक समान माहौल नहीं रह जाता. यह बैंकों और ई कॉमर्स कंपनियों का मिलाजुला खेल है. बैंकों की इस नीति को अनुचित बताते हुए कैट ने कहा है कि इस प्रकार देश के ऑनलाइन और ऑफलाइन बाजारों के बीच असमानता का परिदृश्य पैदा करना घोर नाजायज है. यह गंभीर बैंकिंग अनियमितता है और इससे समानता के अधिकार, एफडीआई नीति और प्रतिस्पर्धा कानून का घोर उल्लंघन हो रहा है. कैट ने वित्त मंत्री से मांग की है कि देश के ऑफलाइन व्यापार को बर्बाद कर रहे इस सबसे गंभीर मामले की तत्काल समयबद्ध जांच करायी जाये.
बैंक कैसे कर सकते भेदभाव
अमेजॉन और फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स दिग्गजों के साथ बैंकों की मिलीभगत को देश के बैंकिंग सिस्टम की बड़ी चूक बताते हुए कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल और राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया ने कहा कि इस षड्यंत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सिटी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एचएसबीसी, बैंक ऑफ बड़ौदा, आरबीएल बैंक, एक्सिस बैंक आदि खुले रूप से शामिल हैं. खंडेलवाल और सोन्थालिया ने सवाल करते हुए कहा कि आखिर बैंक इस तरह का भेदभाव कैसे कर सकते हैं.
अदालत की शरण लेने की चेतावनी
सुरेश सोंथालिया ने बताया कि कैट ने सरकार से मांग की है कि सरकार इसकी जांच करे कि बैंक अपने फंड से कैशबैक दे रहे हैं अथवा उन्हें कैशबैक और अन्य लाभ देने के लिए किसी के द्वारा धन दिया जाता है. कैट ने वित्त मंत्री के अलावा इसी तरह का पत्र केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, वित्त राज्यमंत्री भागवत कराड, रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के अध्यक्ष अशोक गुप्ता और भारत सरकार के केंद्रीय उपभोक्ता मंत्रालय, डीपीआईआईटी और राजस्व और बैंकिंग मंत्रालय आदि को भी भेजे हैं. कैट ने कहा है कि यदि सरकार कोई कार्रवाई नहीं करती है, तो कैट न्यायालय की शरण लेगा.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : सावधान, शहर और आस-पास के क्षेत्र भी कुत्तों के आतंक से अछूते नहीं, रोज 10-12 लोगों को बना रहे शिकार




