
Palamu: जिले के हरिहरगंज शहरी क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक रात्रि प्रहरी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. उसकी पहचान 30 वर्षीय लोकेंद्र बहादुर के रूप में हुई है. वह नेपाल का रहने वाला था और पिछले 5-6 वर्षों से हरिहरगंज के शहरी क्षेत्र में घूम-घूम कर सुरक्षा दिया करता था. घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. एक सीसीटीवी फुटेज में रात्रि प्रहरी सुरक्षा देते हुए आगे बढ़ता नजर आ रहा है. यह वीडियो रात्रि करीब 2 बजे की है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना इसके बाद हुई होगी. संभावना व्यक्त की जा रही है कि इस घटना को चोरों ने अंजाम दिया.
जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात अज्ञात अपराधियों ने रात्रि प्रहरी को पेट में चाकू मार दिया. वह नेपाल के अछाम जिला अंतर्गत नाडा गांव का रहने वाला था. इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास ने बताया कि घायल अवस्था में पुलिस ने उसका इलाज हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया. वहीं चिकित्सकों की सलाह पर पुलिस उसे लेकर औरंगाबाद सदर अस्पताल ले गई. जहां अल्ट्रासाउंड कराने पर चिकित्सकों ने उसे तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी. पुलिस उसे नारायण मेडिकल कॉलेज जमुहार सासाराम ले गयी. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
इस घटना पर हरिहरगंज के व्यवसायियों ने गहरा दुख प्रकट किया है. कहा कि रात्रि प्रहरी के रहते अपराधियों को उनके मंसूबे में कामयाबी नहीं मिल रही होगी. यही कारण है कि उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया.
गौरतलब है कि रात्रि प्रहरी लोकेंद्र बहादुर हरिहरगंज बाजार क्षेत्र में रात के समय घूम-घूम कर सुरक्षा देता था. उसकी मौजूदगी से चोरी समेत कई अपराधिक घटनाएं नियंत्रण में रहती थी. अपराधियों को रात्रि प्रहरी की मुस्तैदी से अपने मंसूबे में कामयाबी नहीं मिलती थी. यही कारण है कि बीती रात सुरक्षा में तैनात पर रात्रि प्रहरी को चाकू मार दिया गया. लोकेंद्र बहादुर पिछले कई वर्षों से हरिहरगंज बाजार क्षेत्र में अपनी सेवा दे रहा था. सेवा के बदले उसे दुकानों से निर्धारित सहयोग राशि महीने में प्राप्त होती थी. इससे वह अपना गुजर बसर करता था.
इसे भी पढ़ें: अमेरिका के न्यूयार्क में मेट्रो स्टेशन पर गोलीबारी और धमाका, 16 घायल, पांच की स्थिति गंभीर




