
Begusarai : जिले में एक बड़े भाई ने भूमि विवाद में अपने छोटे भाई को कुदाल से काट कर मौत के घाट उतार दिया. मृतक की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 यारी टोला सिमरिया निवासी शिवनंदन राय के 35 वर्षीय पुत्र शंभू कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हत्यारा भाई मोहन अपने हिस्से की जमीन बेच चुका था और अब उसकी नजर छोटे भाई शंभू की जमीन पर थी. आरोपी मोहन छोटे भाई की जमीन पर कब्जा करना चाहता था. जिसको लेकर वह अक्सर शंभू के साथ मारपीट भी किया करता था.
परिजनों की मानें तो आरोपी मोहन नशे का आदि हो चुका था. नशे के लिए वह कुछ भी कर सकता था. मोहन की बुरी आदतों से परिवार के लोग परेशान थे, छोटा भाई शंभू मोहन का विरोध करता था. शुक्रवार की रात शंभू घर से कुछ दूर स्थित अपने घर पर सोया हुआ था. इसी दौरान आरोपी मोहन ने कुदाल से काट कर उसकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोहन मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले के छानबीन में जुट गयी. फिलहाल पुलिस आरोपी मोहन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिये जाने का भरोसा दिलाया है.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand: माननीयों पर दर्ज मामलों पर सुनवाई पूरी करने के लिए होगा कोषांग का गठन




