
Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा में दहेज की खातिर 22 वर्षीय सविता दास (22) की हत्या करने का मामला सामने आया है. इस मामले में सविता के मायके पक्ष ने दहेज की खातिर ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सविता के सास-ससुर और पति बतौर दहेज पांच लाख की मांग किया करते थे. उनकी मांग नहीं पूरी करने पर सविता की हत्या कर फंदे से लटका दिया गया है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवायी करते हुये सविता के पति मिलन दास को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि सविता के ससुराल पक्ष का कहना है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है.
शरीर में मिले चोट के निशान, हाथ में कटने के निशान
उधर सविता के भाई मनोज का कहना है कि शुक्रवार की सुबह पांच बजे ससुरालवालों ने फोन कर सविता के फांसी लगा लेने की जानकारी दी. उसके बाद वे लोग आनन-फानन में जादूगोड़ा के नरवा से उसके घर पहुंचे. उन्होंने पाया कि सविता का शव बेड पर पड़ा हुआ है. उसके पूरे शरीर में चोट के निशान हैं, जबकि हाथ में ब्लेड से काटने के भी निशान पाये गये. इतना ही नहीं, रसोई घर में भी सामान बिखरा पड़ा था. इसे लेकर उन्होंने मामला पूरी तरह से हत्या का करार दिया है. इस बीच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे मामले की जांच की जा रही है.
किया था प्रेम विवाह, न्यायालय भी गया था प्रताड़ना का मामला
परिजनों के मुताबिक वर्ष 2017 में सविता ने मिलन के साथ प्रेम विवाह किया था. उसकी एक चार साल की बच्ची भी है. इस बीच शादी के बाद से ही उसे दहेज की खातिर प्रताड़ित किया जाने लगा था. इसे लेकर उनलोगों ने दो साल पहले न्यायालय में दर्ज कराया था. उसके बाद ससुरालवालों ने उसे आगे नहीं प्रताड़ित करने की बात कही थी. इस कारण केस वापस ले लिया गया था. बावजूद इसके उसे प्रताड़ित करने का सिलसिला जारी रहा. बीते दस मार्च की रात फोन पर बातचीत के दौरान भी सविता ने किसी अनहोनी की ओर इशारा किया था. उसके बाद उसकी मौत का मामला सामने आ गया.




