
Gopalgunj: जिले में एक कार से करोड़ों रुपये का कैश जब्त किया गया है. बताया जा रहा है कि वाहन चेकिंग के दौरान कार से करोड़ों की रकम बरामद हुई है. पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार के नेतृत्व में कार से जब्त किए गए नोटों की गिनती की गई तो वो 1,48,99,500 रुपये निकले. बरामद सभी नोट 500 और 2000 रुपये के बताए जा रहै हैं. मामला फुलवरिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर के पास का है. पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि वाहनों की चेकिंग की जा रही थी. तभी यूपी की तरफ से आ रही एक कार को रोका गया, जिसमें जांच के दौरान डिक्की से भारी मात्रा में कैश मिले. जब्त रकम को थाने ले जाया गया है.
इसे भी पढ़ें: जिमाकॉन 2022 में बोले स्वास्थ्य मंत्री, कहा- देर हो रही है लेकिन झारखंड में लागू होगा एमपीए
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, बरामद रकम को काउंट करने के लिए नोट गिनने की मशीन मंगवाई गई. नोटों की गिनती में डेढ़ करोड़ कैश का पता चला है. बरामद रकम में सभी 500 और 2000 रुपये के नोट हैं. एसपी ने कहा कि हिरासत में लिए गए तीनों युवकों ने पूछताछ में बताया कि वो इस रकम को यूपी के खलीलाबाद से छपरा लेकर जा रहे थे. एक युवक ने इसको कारोबारी से संबंधित पैसा बताया, जिसके बाद इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम बुलाई गई है.
गौरतलब है कि इसी साल जनवरी माह में बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस ने नकली नोट के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया था. इस आरोपी ने हूबहू असली नोटों की तरह नकली नोट छापे थे. नोटों को देखकर पुलिस के साथ बाकी जांच एजेंसियां भी हैरान रह गई थी. गिरफ्तार आरोपी का नेपाल से कनेक्शन बताया गया था.




