
Russia Ukraine War: कीव कूच कर रही रूस की सेना अपने रास्ते में आने वाली हर रुकावट का जवाब हवाई हमलों से दे रही है. यूक्रेन में राष्ट्रपति भवन के सामने रॉकेट से हमला किया गया. यहां कई शहर खंडहर में तब्दील हो चुके हैं. बता दें कि जंग के बीच आज तीसरे दौर की वार्ता भी हो सकती है. G-7 देशों का दावा है कि रूस ने यूक्रेन पर क्लस्टर बम बरसाए हैं, जो कि युद्ध अपराध है. वहीं रूसी सेना ने ओडेसा में एक पुल को भी उड़ा दिया है.
यूक्रेन के मेयर बोले-मारियूपोल को रूसी सेना ने किया अवरुद्ध
रूसी सेना अब तेजी से यूक्रेन में दाखिल हो रही है. आलम ये है कि वहां कई शहर अब रूसी सैनिकों की जद में आने लगे हैं. ऐसे में यूक्रेन के मेयर ने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेनी बंदरगाह शहर मारियुपोल को अब पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है.
यूक्रेन ने जर्मनी से मांगे हथियार
यूक्रेन ने जर्मनी से भारी हथियारों की आपूर्ति की मांग की है. एजेंसी के मुताबिक टैंक, पनडुब्बी और लड़ाकू हेलीकॉप्टर भी शामिल हैं. जर्मन रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि कई आपूर्ति शिपमेंट के लिए तैयार हैं.




