
Jamshedpur : अपराधियों के बढ़ते मनोबल का आलम यह है कि अब वे अधिवक्ता को भी निशाने पर लेने लगे हैं. मामला पोटका थाना क्षेत्र के गीतिलता का है, जहां अपराधियों ने पीछा कर जमशेदपुर बार एसोसियेशन के सदस्य और अधिवक्ता गौरव पाठक से 50 हजार रंगदारी की मांग करते हुए जान मारने की धमकी दी. इस मामले में अधिवक्ता ने पोटका थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. वे सिदगोड़ा के पद्मा रोड के रहनेवाले हैं.
घटना तब घटी जब गौरव पाठक बुधवार को अपने घर से अपनी पत्नी को बीएड की परीक्षा दिलाने गितिलता स्थित रंभा कॉलेज जा रहे थे. उसी बीच उन्होंने देखा कि तीन बाइक पर सवार छह युवक उनकी कार का पीछा कर रहे हैं. उसमें से बाइक नंबर-जेएच05-सीडी-2063 और जेएच05 बीएक्स-5358 के अलावा एक गाड़ी बिना नंबर की थी. अधिवक्ता ने युवकों को पीछा करता देख अपनी कार तेजी से आगे बढ़ा दी. हालांकि युवकों ने उन्हें रंभा कॉलेज मोड़ के पास रोकते बतौर रंगदारी 50 हजार रुपये की मांग की और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इसपर अधिवक्ता ने युवकों से यह कहते हुए वक्त मांगा कि वे अपनी पत्नी को परीक्षा केन्द्र छोड़कर आते हैं. उसके बाद रंभा कॉलेज पहुंचकर उन्होंने घटना की जानकारी पोटका थाना को दी. इस पर पोटका थाना प्रभारी ने अधिवक्ता को सहायता भेजने की बाद कही. फिर अधिवक्ता ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक और अपने परिजनों को दी. उसके बाद उनके परिजन भी रंभा कॉलेज पहुंचे. वहां से सभी पोटका थाना जाने के लिए निकले तभी कॉलेज मोड़ के पास उन सबको एक बार फिर मारने की धमकी दी गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.




