
Jamshedpur: जमशेदपुर पुलिस द्वारा हेलमेट चेकिंग के नाम पर लोगों से कथित रूप से दुर्व्यवहार एवं मारपीट की घटना के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा मानगो नगर समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक एम तमिलवानन से भेंट कर पुलिस की कार्यशैली में बदलाव करने की मांग की है.
समिति के अध्यक्ष फतेह चंद्र टुडू ने कहा कि आए दिन शहर में चोरी, छिनतई, गोलीचालन, नशा एवं कई अन्य तरह की आपराधिक घटनाएं निरंतर घटित हो रही हैं जिसे जिला पुलिस रोक पाने में नाकाम है. वही हेलमेट चेकिंग के नाम पर चौक- चौराहों में वाहन चालकों से अभद्र व्यवहार किया जाता है. विरोध करने पर उनकी सरेराह पिटाई भी की जा रही है. इसका अन्य लोगों द्वारा विरोध करने पर उन्हें सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी जाती है. शहरवासी पुलिस की इस कार्यशैली से काफी त्रस्त और डरे हुए हैं .वहीं पुलिस के इस तरह के रवैये से झारखंड की हेमंत सरकार की छवि आम जनता के सामने धूमिल हो रही है. इस पर जल्द से जल्द जिला प्रशासन रोक नहीं लगाता है तो झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला पुलिस और प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतर कर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा.




