
Ghatshila : गालूडीह थाना क्षेत्र के हेंदलजुली पंचायत के टोला डुंगरीडीह में घर गिरने से एक महिला की मौत हो गयी. इस घटना में एक अन्य महिला का पांव टूट गया और एक मजदूर घायल हो गया. घायल महिला को एंबुलेंस से अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एमजीएम रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार बुधवार को गंगाराम हांसदा नामक ग्रामीण अपने 20 वर्ष पुराने घर की टाली उतरवा रहा था. बुधवार को उसकी बड़ी दीदी गुरुवारी मांझी सहित गांव के ही चार मजदूर जसमी मुर्मू, बादल मांझी, परेश मुर्मू और हरिदास मुर्मू घर से टाली उतारने और उसे उठा कर आंगन में रखने के काम में लगे थे. लगभग साढ़े 10 बजे अचानक पूरा घर गिर गया. उस समय घर के ऊपर बादल माझी, परेश मुर्मू और हरिदास मुर्मू टाली उतार कर नीचे दे रहे थे. वहीं नीचे गुरुवारी माझी और जसमी मुर्मू टाली को आंगन में रख रही थीं. घर गिरने से गुरुवारी मांझी (50) मलबे में दब गयी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. इसके साथ ही जसमी मुर्मू का पांव टूट गया और बादल मांझी को भी गंभीर चोट लगी. परेश मुर्मू और हरिदास मुर्मू दूसरी साइड में होने के कारण बच गये. गांव के लोगों ने मिलकर मलबे के नीचे दबी हुई दोनों महिलाओं को निकाला. इधर गंगाराम हांसदा ने बताया कि दीवार बीस वर्ष पुरानी थी. बरसात में सड़क का पानी जमा होने से पानी दीवार से रिसता था. इसी को देखते हुए टाली उतरवाकर दीवार हटाने का काम करा रहे थे कि यह हादसा हो गया.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : मौसेरे भाई की खुदकुशी की खबर पाकर कपाली के युवक ने लगायी फांसी




