
New Delhi: देश की सुरक्षा के लिए खतरा माने जाने वाले 54 और चीनी ऐप्स पर भारत सरकार प्रतिबंध लगाएगी. इससे पहले भी भारत चीनी ऐप्स को प्रतिबंधित कर चुका है. भारत सरकार के इस कदम को चीन के खिलाफ डिजिटल स्ट्राइक कहा जा रहा है. अब प्रतिबंधित किए जाने वाले 54 ऐप्स में ब्यूटी कैमरा, स्वीट सेल्फी एचडी, सेल्फी कैमरा, इक्वलाइजर और बास बूस्टर, आइसोलैंड 2, एशेज आफ टाइम लाइट, वाइवा वीडियो एडिटर, टेनसेंट एक्सरिवर, ओनमोजी चेस, ओनमोजी एरिना, ऐपलाक, डुअल स्पेस लाइट जैसे एप्स के नाम शामिल हैं.
इसे भी पढ़ेंःकर्नाटक हिजाब विवाद: स्कूल खुले, हाईकोर्ट में आज फिर सुनवाई
इससे पहले भारत ने साल 2020 में लद्दाख में एलएसी पर भारत और चीन के बीच तनाव के बीच पहली बार 59 एप को प्रतिबंधित किया था. जिसमें बड़े प्रसार वाले एप टिकटॉक, यूसी ब्राउजर, शेयर इट, हेलो, लाइकी, वी चैट, ब्यूटी प्लस आदि शामिल थे. इसके बाद 2021 के सितंबर माह में भारत ने 118 और मोबाइल ऐप्स पर बैन लगाया जिसमें लोकप्रिय गेमिंग ऐप पबजी भी शामिल था. पबजी के अलावा लिविक, वीचैट वर्क, वीचैट रीडिंग, कैरम फ्रेंड्स, कैमकार्ड जैसे ऐप्स पर बैन लगा दिया था.




