
Bangalore: हिजाब विवाद के बाद कर्नाटक में आज से 10वीं तक के लिए हाईस्कूल खुल गए हैं. सुबह-सुबह कई शहरों में यूनिफॉर्म पहनकर बच्चे स्कूल जाते नजर आए. इधर, हाईकोर्ट की रोक के बावजूद उडुपी में छात्राएं हिजाब और बुर्का पहनकर स्कूल जाती दिखीं. इस बीच हाईकोर्ट में आज मामले की सुनवाई भी है. इस सुनवाई पर देश भर की नजरें टिकी है.
जिला प्रशासन ने एहतियातन उडुपी के सभी हाईस्कूलों व उसके आसपास के क्षेत्रों में धारा-144 लागू कर दी है. 19 फरवरी तक धारा 144 लागू रहेगी. सरकार और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं. वहीं, मुख्यमंत्री ने राज्य में शांति व्यवस्था कायम रहने की उम्मीद जताई है. हुबली में कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने रविवार को कहा है कि राज्य में सोमवार से 10वीं तक के स्कूल खुलेंगे. मैंने डीसी, एसपी और स्कूल प्रशासन को शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं.




