
Musabani : स्वर्णरेखा नदी में स्थित पम्प बन्द होने के कारण कम्पनी तालाब का पानी का स्तर घटने से 6 दिनों से शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति बंद हो गयी थी. जलापूर्ति बंद होने से मुसाबनी शहरी क्षेत्र के क्वार्टरों में रहने वाले लगभग दो हजार घरों में रहने वाले परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. क्वार्टरों के सामने स्थित चापाकलों में लगातार उपयोग करने से चापाकल भी जवाब दे रहा था. इस संबंध में टॉउनशिप में पानी आपूर्ति करने वाले कर्मियों ने बताया कि कम्पनी का ऑपरेटर नहीं होने के कारण स्वर्णरेखा नदी से कम्पनी तालाब में पानी की आपूर्ति बंद हो गयी थी. जिसके कारण तालाब में जलस्तर घट गया था और फिल्टर प्लांट में पानी नहीं जा पा रहा है इसलिए शहरी क्षेत्र में जलापूर्ति बंद थी. समिति के तहत काम करने वाले कर्मचारी ने बताया कि इसकी जानकारी मुसाबनी टाउनशिप स्वच्छता एवं सहयोग समिति के अध्यक्ष व मुसाबनी अंश 19 के जिला पार्षद बुद्धेश्वर मुर्मू को दी गई है. जिला पार्षद ने बताया कि नदी से पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण तालाब का जलस्तर घट गया है जिसके कारण शहरी क्षेत्र में पानी आपूर्ति सप्ताह भर से बंद है. इस संबंध में मुसाबनी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह मुसाबनी टाउनशिप स्वच्छता एवं सहयोग समिति की सचिव सीमा कुमारी के माध्यम से एचसीएल/आईसीसी प्रबन्धक से बात हुई है कि वो अपने कर्मचारियों को पांपू घाट में पम्प चालू करने के लिए तैनात करेंगे. जिला पार्षद व सहयोग समिति के अध्यक्ष बुद्धेश्वर मुर्मू ने बताया की वर्तमान मकर पर्व एवं क्वार्टरों में रहनेवाले लोगों की परेशानियों को देखते हुए जलापूर्ति योजना के तहत पाइप लाइन से जोड़ कर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जलापूर्ति की शुरुआत सोमवार से कि गई है. उन्होंने बताया की कम्पनी तालाब का जल स्तर जल्द ठीक हो जाएगा. सप्ताह भर बाद क्वार्टरों में जलापूर्ति शुरू हो जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है.
इसे भी पढ़ें- घाटशिला : कोविड से निपटने के लिए ऑक्सीजन युक्त 110 बेड रेडी करने की तैयारी




