
Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत का मामला तूल पकड़ लिया है. सोमवार को मामले की जांच करने एसडीओ संदीप कुमार मीणा एमजीएम अस्पताल पहुंचे. वहां अस्पताल प्रबंधन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने मामले की जानकारी ली. उसके बाद वे जिले के उपायुक्त को जांच रिपोर्ट सौपेंगे. उसी के अनुसार प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगी. मालूम हो कि रविवार को बागबेड़ा के गांधीनगर की रहने वाली पूजा देवी और उसके गर्भस्थ शिशु की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी. परिजनों का कहना था कि पूजा की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद किसी डॉक्टर और नर्स ने उसे हाथ तक नहीं लगाया. इस कारण उसकी मौत हो गई. इसे लेकर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा मचाया था. वहीं मामले में साकची थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज की गई है.

गिरफ्तारी और मुआवजा के लिए थाने पर धरना
इधर इस मामले में आरोपी डॉक्टर और मुआवजे की मांग को लेकर पूजा के परिजनों ने सोमवार को साकची थाना के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया. इसे लेकर देर तक गहमा-गहमी बनी रही.
झामुमो नगर समिति आया पीड़ित परिवार के समर्थन में
इस बीच झामुमो नगर समिति भी पीड़ित परिवार के समर्थन में आगे आया है. समिति के अध्यक्ष दलगोविंद लोहरा ने पीड़ित परिवार के साथ एमजीएम अस्पताल पहुंचकर परिजनों को न्याय देने की मांग की.
इसे भी पढ़ें- बर्मामाइंस में अनियंत्रित ऑटो ने ट्रेलर में मारी टक्कर, युवती समेत तीन घायल




