
Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन के आउटर में ट्रेन से उतरने के दौरान गिरकर सुनील महाली गंभीर रूप से घायल हो गया. वह कुचाई के पोड़ाकुटा का रहने वाला है, जबकि हाट बाजार में कपड़ा बिक्री करने का काम करता हैं. घायल सुनील का 13 वर्षीय बेटा थैलेसीमिया से ग्रसित है. वह उसके लिए हर महीने जमशेदपुर आकर रक्त का इंतजाम करता है. शनिवार को भी सुनील इसी सिलसिले में ट्रेन में सवार होकर शहर आया था. इस बीच स्टेशन के आउटर में ट्रेन धीमा होने पर वह उतरने का प्रयास कर रहा था. उसी दौरान वह अनियंत्रित होकर गिर गया. इस दुर्घटना में उसका एक पैर पूरी तरह से जख्मी हो गया है. घटना की सूचना मिलने पर रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया. वहां उसकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल एमजीएम में उसका इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ें- जुगसलाई : परिजनों को फिर मिली केस उठाने की धमकी, एसएसपी से शिकायत




