
Ranchi : जन्नाथपुर मंदिर प्रबंधन ने थर्मोकॉल के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है. अब मंदिर में भोग व प्रसाद के लिए पत्ते से बने दोना-पत्तल का ही इस्तेमाल होगा. इसको लेकर मंगलवार को रांची के धुर्वा इलाके में एचईसी परीसर स्थित मंदिर परिसर में सफाई व नई व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई. और कई अहम फैसले लिए गए.
इसे भी पढ़ें : स्टूडेंट्स को एमडीएम का कुकिंग कॉस्ट देने के लिए 252 करोड़ रुपये जारी, मिलेंगे अधिकतम 998 रुपये प्रति छात्र
मंदिर में अब दोना-पत्तल का होगा उपयोग
झारखंड के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर के संस्थापक ठाकुर एनी नाथ शाहदेव के प्रत्यक्ष उतराधिकारी व झारखंड सेनानी कोष संचालन समिति (गृह मंत्रालय झारखंड) के सदस्य लाल प्रवीर नाथ शाहदेव की अध्यक्षता में सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि मंदिर परिसर में पूजा समेत अन्य किसी अनुष्ठान में अब थर्मोकॉल के प्लेट, दोना और प्लास्टिक से तैयार किसी भी प्रकार के सामान के उपयोग पर पाबंदी रहेगी. मंदिर में अब सखुआ के पत्ते से तैयार पत्तल और दोना का उपयोग होगा. दैनिक भोग लगने के पश्चात, आम उपस्थित दर्शानार्थियों को सर्व प्रथम नि:शुल्क भोग वितरण किया जाएगा.
वरिष्ठ पुजारी रामेश्वर पाढ़ी बने मंदिर के प्रधान पुजारी
इस बैठक में मंदिर के प्रधान पुजारी का चयन किया गया. बैठक में लिए गए दूसरे प्रस्ताव के तहत जगन्नाथपुर मंदिर के प्रधान पुजारी के रूप में पांच पिंढियों से पूजा कराते आ रहे सबसे अधिक वरिष्ठ पुजारी रामेश्वर पाढ़ी को सर्वसम्मति से प्रधान पुजारी की जिम्मेदारी सौंपी गई. सर्वसम्मति से सभी उपस्थित सदस्यों ने यह भी भरोसा दिया कि जगन्नाथपुर मंदिर की पूजा व्यवस्था के संदर्भ में प्रधान पुजारी रामेश्वर पाढ़ी के निर्देश पर कार्य करेंगे और सभी उनका सहयोग करेंगे.
जगन्नाथपुर मंदिर के रसोई के पिछले हिस्से में जल निकासी के लिए पाइप लगा कर परिसर को स्थाई रूप से साफ रखा जाएगा. मंदिर के निचले भाग में बनी कार पार्किंग में ही लोगों को कार पार्क करनी होगी. विशेष अवस्था में ही गाड़ी को ऊपर जाने की स्वीकृति दी जाएगी. यह व्यवस्था एक दो दिनों में लागू कर दी जायेगी.
दैनिक उत्सर्जित कचरे को डस्टबिन में डाल कर मंदिर के पिछे बने सीमेंट के बने हौदे में डाला जाएगा. हौदे में डाले गए कचरे को नगर निगम कर्मचारियों के द्वारा ट्रैक्टर ट्राली में उठा लिया जाएगा. जगन्नाथपुर मंदिर के खतियानी सेवक परिवार के सदस्यों एवं आम जनों एवं नगर निगम कर्मचारियों के द्वारा नियमित रूप से दैनिक तौर पर साफ-सफाई अभियान सफलता पूर्वक किया जा रहा है.
बैठक में जगन्नाथपुर मंदिर के संस्थापक व झारखंड सेनानी कोष संचालन समिति के सदस्य लाल प्रवीर नाथ शाहदेव, पारम्परिक उडिय़ा ब्राह्मण प्रधान पुजारी रामेश्वर पाढ़ी, धनंजय पंडा, मदन पाढ़ी, अजय कुमार पोद्दार, पप्पू चक्रवर्ती, अश्वनी नाथ मिश्र, सरयु मिश्रा, शत्रुघ्न तिवारी, विनय कुमार एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : DRDO : जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल का सफल परीक्षण, भारतीय नौ सेना की बढ़ेगी ताकत




