
Ranchi : झारखंड स्थापना दिवस पर हॉकी झारखंड के लिए बड़ी खबर आयी है. जूनियर महिला वर्ल्ड कप के लिए झारखंड की तीन प्लेयर्स का चयन (U 21 भारतीय महिला हॉकी) हुआ है. महिला जूनियर विश्व कप दक्षिण अफ्रीका 2021 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा सोमवार को हुई. भारतीय टीम में सलीमा टेटे, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग का चयन हुआ है. तीनों ही खिलाड़ी सिमडेगा (सलीमा टेटे-सदर प्रखंड सिमडेगा, गांव-बड़की छापर. संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग- केरसई प्रखंड, गांव- करगा गुड़ी) से हैं.
भारतीय टीम 28 नवंबर को इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेने को दक्षिण अफ्रीका रवाना होगी. जूनियर भारतीय टीम के 28 खिलाड़ियों का विशेष कैंप बेंगलुरु में चल रहा था जिसमें से 18 खिलाड़ियों को चुना गया है.
झारखंड के लिए ऐतिहासिक पल
हॉकी झारखंड के प्रमुख भोलानाथ सिंह और हॉकी सिमडेगा के प्रमुख मनोज कोनबेगी सहित अन्य ने खुशी जतायी है. भोलानाथ सिंह के मुताबिक इससे देश दुनिया में झारखंड का मान बढ़ेगा. स्थापना दिवस के दिन ऐसी खबर का आना बेहद सुखद है. भारतीय हॉकी टीम (महिला) की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा सहित असरीता लकडा, प्रतिमा बरवा, तारिणी कुमारी, माइकल लाल सहित कई अन्य लोगों ने भी इसे झारखंड के लिए ऐतिहासिक पल बताया है.

रुस के साथ पहला मुकाबला
भारत को पूल C में रखा गया है. 6 दिसंबर को रूस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत भारतीय टीम करेगी. राउंड रोबिन लीग में अपने दूसरे मैच में 7 दिसंबर को वह गत चैंपियन अर्जेंटीना से भिड़ेगी. इसके बाद 9 दिसंबर को जापान के खिलाफ उसका मैच होगा. नॉकआउट मैच 10 दिसंबर से 16 दिसंबर के बीच होंगे. टीमों में पूल A में नीदरलैंड, कोरिया, आयरलैंड, जिम्बाब्वे हैं. पूल B में इंग्लैंड, बेल्जियम, कनाडा और उरुग्वे शामिल हैं. पूल C में अर्जेंटीना, भारत, जापान और रूस हैं जबकि पूल D में जर्मनी, स्पेन, संयुक्त राज्य अमेरिका और दक्षिण अफ्रीका हैं.
भारत की अंडर-21 टीम की सूची
बिचु देवी खरीबाम (गोलकीपर), खुशबू, अक्षता अबसो ढेकाले, इशिका चौधरी (उप कप्तान), प्रियंका, मरीना लालरामनघाकि, अजमीना कुजुरी, बलजीत कौर, रीत, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी, लालरेमसियामी (कप्तान), ब्यूटी डंगडुंग, दीपिका, मुमताज खान, संगीता कुमारी, जीवन किशोरी टोप्पो.
इसे भी पढ़ें – हेमंत सोरेन ने ‘आपका अधिकार, आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का किया आगाज



