
Jamshedpur : मानगो स्थित विवेकानन्द इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों की खुशी बुधवार को देखने लायक थी. इसकी वजह उनके साथ पुलिस अधिकारियों और समाजसेवियों एवं अन्य क्षेत्रों के खास लोगों का होना तो था ही, साथ ही मौका आपस में दीवाली की खुशियां बांटने का था. बच्चों ने इस मौके का जमकर लुत्फ उठाया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पटमदा के डीएसपी सुमित कुमार उपस्थित थे. जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिष्टुपुर थाना प्रभारी बिष्णु प्रसाद राउत, आजादनगर थाना के इंसीडेंट कमांडर श्रवण कुमार दास, रिटायर्ड चीफ इंजीनियर राय मनेंद्र प्रसाद, मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसेडर मुख्तार आलम खान, समाजसेवी विजय तापड़िया और शहनवाज कमर उपस्थित थे.
इस दौरान डॉक्टर निधि श्रीवास्तव ने फूलों का गुलदस्ता देकर अतिथियों का स्वागत किया. कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने ज्योत से ज्योत जलाते चलो. गीत पर अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी. साथ ही उन्होंने कोरोना वारियर्स, एग्रीकल्चर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सेव वाटर, पर्यावरण जैसे विषय पर भी अपनी प्रस्तुति दी. वहीं, शुभ दीपावली पर बच्चों ने सुंदर रंगोली बनाई. इस मौके पर पूरे स्कूल परिसर में मनमोहक पुष्प सज्जा की गयी थी. अतिथियों ने छात्रों और शिक्षिकाओं को दीवाली पर आधारित प्रेरणादायी संदेश दिये. इंसीडेंट कमांडर श्रवण कुमार दास ने छात्रों से सर्वांगीण विकास और वोकेशनल ट्रेनिंग पर जोर दिया और कंटेंट को प्रैक्टिकल नॉलेज से कनेक्ट करने की बात पर खास ध्यान देने की बात कही. अंत में स्कूल प्रधानाध्यापिका डॉक्टर निधि श्रीविस्ताव ने धन्यवाद ज्ञापन कर किया.
इसे भी पढ़ें – Palamu : डिग्री कॉलेज का स्टोर कीपर गिरफ्तार, युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें कर रहा था वायरल




