
Jamshedpur : शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, पूर्वी सिंहभूम का एक प्रतिनिधिमंडल वरीय शिक्षक नेता सुनील कुमार तथा जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए डीएसई से वार्ता की. प्रतिनिधिमंडल को डीएसई ने बताया कि लगभग 1400 शिक्षकों का सेवा संपुष्टि अनुमोदन के लिए उपायुक्त के पास आवेदन जमा है. जिले के उन शिक्षकों का जिनकी सेवा पुस्तिका किसी कारण वश जमा नहीं हो पाई है, उनके लिए शीघ्र ही आदेश जारी किया जाएगा. वहीं प्रतिनिधिमंडल ने डीएसई को बताया कि विभागीय आदेश के अनुसार 12 साल की सेवा पूरी करने वाले अनुकंपा पर नियुक्त तथा इंटर पास शिक्षकों को नियुक्ति तिथि से ग्रेड-1 का लाभ मिलना था, लेकिन अबतक कई शिक्षकों को ग्रेड-1 का लाभ नहीं मिल सका है. इसपर डीएसई ने कहा कि ऐसे सभी शिक्षकों के वेतन निर्धारण के लिए निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी के माध्यम से सेवा पुस्तिका उनके कार्यालय में जमा किया जाएगा. हाल ही में जारी विभागीय आदेश के आलोक में भूतलक्षी प्रभाव से प्रोन्नति देने के लिए संघ की मांग पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि शीघ्र ही ऐसे शिक्षकों को स्नातक प्रशिक्षित वेतनमान तथा प्रधानाध्यापक के पद पर प्रोन्नति देने के लिए कार्रवाई की जाएगी. प्रतिनिधिमंडल में अनिल प्रसाद, सचिव सरोज कुमार लेंका, संजय केसरी, मधुसूदन प्रसाद, देवाशीष, प्रेस प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह आदि शमिल थे.
इसे भी पढ़ें-झारखंड : सत्र शुरू करने में फिर पिछड़ा बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, JCECEB ने अब तक शुरू नहीं की एडमिशन प्रक्रिया




