
Palamu : झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए कमरा आवंटित किए जाने के बाद से भारतीय जनता पार्टी लगातार सरकार का विरोध कर रही है. बयानबाजी कर सरकार की नीति की आलोचना कर तुष्टीकरण का आरोप लगा रही है. इसी क्रम में रविवार की शाम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के छःमुहान पर विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो का पुतला फूंका.
इसे भी पढ़ें : बिहार : TET उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के समर्थन में तेजप्रताप, कहा-सरकार कर रही है धांधली
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय नंद पाठक ने किया. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजय नन्द पाठक ने कहा कि चुनाव आयोग से मान्यता मिलने के बाद भी बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष की मान्यता न देकर स्पीकर अपने संवैधानिक पद का दुरुपयोग कर रहें हैं, जिसे भाजपा अब और बर्दाश्त नहीं करेगी.
मौके पर प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने एक समुदाय विशेष की तुष्टिकरण के इबादत कक्ष आवंटित किया, जो बिल्कुल अनुचित है. उन्होंने कहा कि जिस आदेश से नमाज कक्ष आवंटित किया गया है, उस आदेश को तुरंत वापस लिया जाए, नहीं तो सभी धर्मों के लिए कक्ष आवंटित किए जाएं.
प्रदर्शन का पुतला दहन कार्यक्रम में परशुराम ओझा, विजय ओझा,शिव मिश्रा, दुर्गा जौहरी,अमित तिवारी, श्याम बाबू, सुरेंद्र विश्वकर्मा, धर्मेंद्र उपाध्याय, अरविंद सिंह, अरविंद गुप्ता, जितेंद्र तिवारी, सीटू गुप्ता, संटू सिंह, अजय सिंह, सोमेश सिंह, छोटू सिन्हा, सुनील पांडे, विजय पाठक समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे.
इसे भी पढ़ें :अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद पहली बार कोई टीम टूर्नामेंट खेलने गयी विदेश




