
Giridih: बगैर अनुमति के प्रवासी मजदूरों को लेकर गुजरात के मोरबी जा रहे यात्री बस को गिरिडीह नगर थाना पुलिस ने जब्त कर लिया. इस दौरान बस में सवार बिहार के बांका जिले के 46 प्रवासी मजदूरों को भी उतार लिया गया तो बस के दो चालक मकरानिया हुसैन, पीपरावादिया रसूल और खलासी बाबूलाल को पुलिस ने जेल भी भेज दिया.
फिलहाल डीसी के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी धीरेन्द्र कुमार के दिये आवेदन के आधार पर बस मालिक संजय समेत दोनों चालकों और खलासी के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 के साथ आइपीसी-188 के तहत नगर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और तीनों को जेल भेजा गया.
इस दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी ने बस के मालिक और दोनों चालक समेत खलासी पर डीसी के बगैर अनुमति के एक राज्य से दूसरे राज्य में बस परिचालन करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है. आरोप यह भी लगाया कि बस में समाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था.
जानकारी के अनुसार प्रवासी मजदूरों को यह बस बांका से गुजरात के मोरबी ले जा रही थी. इसी बीच नगर थाना पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रवासी मजदूरों से भरी इस बस को रविवार सुबह शहर के सिहोडीह स्थित नया पुल के समीप से जब्त किया और जब्त थाना ले आई जहां बस से सारे प्रवासी मजदूरों को उतार कर उन्हें वापस बांका भेज दिया गया, जबकि दोनों चालक और खलासी को जेल भेजा गया.
इसे भी पढ़ें – CM हेमंत कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारी में जुटे, की डॉक्टरों से बात




