
Ranchi : राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के कैदी वार्ड में बड़ी लापरवाही देखने को मिली है. न्यूज विंग की पड़ताल में यह देखा गया कि कैदी वार्ड का गेट पूरी तरह से खुला हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर कोई भी सिपाही मौजूद नहीं था.
ऐसे में कैदी वार्ड से कैदियों का भागना आसान हो सकता है. मालूम हो कि 6 फरवरी को रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कैदी शनिवार तड़के फरार हो गया था. कैदी सिद्धेश्वर ओरिया हत्या के एक मामले में दुमका जेल में बंद था. वहां तबीयत खराब होने पर उसे रिम्स लाया गया था और रिम्स से वह फरार हो गया था.
इसे भी पढ़ें : आदिवासियों का हो रहा नरसंहार, विफल है सरकार : दीपक प्रकाश
रिम्स में 100 से ज्यादा निजी सुरक्षाकर्मी
रिम्स के पास 100 से अधिक निजी सुरक्षाकर्मी हैं. इसके अतिरिक्त 100 के करीब सैप के जवान हैं. वहीं, बरियातू टीओपी में भी पुलिस कर्मियों की बंदोबस्ती है. इसके बावजूद कैदियों के भागने की घटनाएं रिम्स में लगातार हो रही हैं, जिससे सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.

केस 1
अक्टूबर 2019: रिम्स के मेडिसिन आइसीयू से ही एक कैदी फरार हुआ था. रांची के बिरसा मुंडा जेल का वह कैदी हाथ से रस्सी को सरकाने के बाद खिड़की से कूद कर भाग निकला. दिन भर खोजबीन से भी वह हाथ नहीं लगा.
केस 2
16 मई 2018: जरीया कटरमाली निवासी हत्यारोपी बुधराम उरांव रिम्स से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. उसके खिलाफ बेड़ो थाने में हत्या के दो समेत एक आर्म्स एक्ट का भी मामला दर्ज है. धुर्वा पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा था.
बाद में बेड़ो पुलिस ने रिमांड पर लेकर दोबारा जेल भेजा था. बेड़ो पुलिस के मुताबिक वह कुख्यात अपराधी था. जेल में पैर टूट जाने की वजह से उसे रिम्स के सर्जरी वार्ड में भर्ती कराया गया था.
इसे भी पढ़ें : गुमला में आईईडी ब्लास्ट, एक जवान घायल
केस 3
24 जनवरी 2018: रिम्स में इलाजरत कैदी पिंटू बाथरूम की खिड़की तोड़ कर फरार हो गया था. वह डालटेनगंज का रहनेवाला है. उसे चोरी के मामले में डालटेनगंज पुलिस ने जेल भेजा था.
केस 4
2 जनवरी 2017 : दुमका जेल का सजायाफ्ता कैदी राजेश यादव मेडिसिन आईसीयू वार्ड से भाग निकला था. वह बिहार के जमुई जिले के कल्याणपुर सिमरतला का रहनेवाला था. हत्या मामले में वह आजीवन कारावास की सजा काट रहा था. उसे जॉंन्डिस के इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था.
केस 5
23 मई 2014: चतरा मंडल कारा का कैदी रामस्वरूप भारती फरार हो गया. वह रिम्स के न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती था. उसके सिर में ट्यूमर था, 28 अप्रैल 2014 को उसका ऑपरेशन किया गया था. ऑपरेशन के बाद वह भाग निकला.
इसे भी पढ़ें : जेपीएससी ने जारी किया नया एग्जामिनेशन कैलेंडर, इस साल होंगी 9 परीक्षाएं




