JharkhandLead NewsRanchi

उम्मीद है लाइट हाउस परियोजना से गरीबों, मजदूरों व बेघरों को मिलेगा लाभ : हेमंत

Ranchi  : रांची सहित देश के छह शहरों में लांच हुई लाइट हाउस परियोजना के ऑनलाइन शिलान्यास पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने काफी उम्मीद जतायी है. उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस सोच व दूरदर्शिता के साथ इस योजना को लांच किया है, उम्मीद है कि इसका लाभ शहरों में रहनेवाले गरीबों-मजदूरों व बेघरों को मिलेगा. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इस योजना का ऑनलाइन शिलान्यास किया. इस मौके पर राजधानी के एचईसी, सेक्टर वन मार्केट के पास स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने नववर्ष और आधुनिक तकनीक और इनोवेटिव प्रोसेस से बनाये जानेवाले आवास के लिए प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं एवं बधाई दीं. इस मौके पर सांसद संजय सेठ, विधायक नवीन जायसवाल, रांची नगर निगम के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे, राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार और नगरीय प्रशासन निदेशालय की निदेशक विजया जाधव उपस्थित थीं.

इसे भी पढ़ें – सरकारी नौकरी :  अगर आप ग्रेजुएट हैं तो सिविल सर्विस के 392 पोस्ट पर एप्लाई करें

योजना में केंद्र की हिस्सेदारी बढ़ाने का हेमंत का पीएम से आग्रह

मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची में लाइट हाउस परियोजना के अंतर्गत 1,008 आवास बनाये जाने हैं. इस परियोजना में केंद्र और राज्य सरकार के साथ लाभुकों को भी हिस्सेदारी देनी है. लेकिन,  झारखंड पिछड़ा राज्य है. यहां गरीबों और मजदूरों की बड़ी आबादी है. इनकी आय़ कम है. ऐसे में गरीबों-मजदूरों के लिए योजना में जो हिस्सेदारी तय की गयी है, उसे देना उनके लिए बहुत आसान नहीं है. मुख्यमंत्री ने गरीबों और मजदूरों के आर्थिक हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री से इस योजना में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी बढ़ाने का आग्रह किया, ताकि उन पर ज्यादा आर्थिक बोझ नहीं पड़े.

शहर आनेवाले मजदूरों-गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के लिए बने कार्य योजना

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में मजदूर और गरीब काम करने के लिए शहरों का रुख करते हैं. इनमें कई मजदूर गांव से शहर हर दिन आना-जाना करते हैं, तो कई शहरों में ही रहते हैं. इनके पास आवास नहीं होता है. इसलिए ग्रामीण क्षेत्र से शहरों में रोजगार के लिए आनेवाले मजदूरों-गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार कार्य योजना बनायें, ताकि इन्हें मदद पहुंचायी जा सके.

इसे भी पढ़ें – खरसावां गोलीकांड के शहीदों को दी गयी श्रद्धांजली, जानें क्या कहा सीएम हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने

गरीबों को वर्षों से आवास देने की योजना चला रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी को आवास देने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है. गरीबों औऱ जरूरतमंद बेघरों को आवास देने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है. अबतक लाखों बेघरों-गरीबों को आवास की चाबी दी जा चुकी है और कई आवासों का निर्माण कार्य चल रहा है. ग्रामीण इलाकों के साथ शहरों में भी आवास से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन पर सरकार विशेष रूप से ध्यान दे रही है. उन्होंने कहा कि लाभुकों को आवंटित मकानों में सरकार द्वारा बिजली-पानी और गैस कनेक्शन भी दिये जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें – मौजूदा वैक्सीन कोरोना वायरस के नये स्ट्रेन पर भी होगा असरदार

Related Articles

Back to top button