JharkhandLead NewsRanchi

सड़क निर्माण में क्वालिटी से समझौता नहीं, रोड व ब्रिज का टेंडर न हो अलग-अलग : हेमंत

मुख्यमंत्री ने की पथ निर्माण विभाग की समीक्षा, सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में बन रही सड़कों के निर्माण में क्वालिटी से समझौता नहीं करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा है कि राज्य में सड़क निर्माण योजनाओं को ससमय पूरा करने की दिशा में अधिकारी काम करें. अच्छी एवं गुणवत्तापूर्ण सड़कों का निर्माण उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने क्षेत्र विशेष की जरूरत के अनुसार सड़कों के निर्माण कार्य काम कराने का

निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे. उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वैसी सभी सड़कें, जिनका कार्य प्रगति पर है, उन सड़कों की प्रतिदिन वास्तविक रिपोर्ट प्राप्त करने के निमित्त मैकेनिज्म तैयार करें. सड़कों के कामकाज की प्रतिदिन मॉनिटरिंग हो यह सुनिश्चित करें.

रोड और ब्रिज का टेंडर अलग-अलग न हो, इसका ध्यान रखें

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और उस पर बननेवाले ब्रिज का टेंडर अलग-अलग होता है. अलग-अलग टेंडर होने से निर्माण कार्य में देरी के साथ-साथ बाधाएं उत्पन्न होती हैं. उन्होंने कहा कि ब्रिज रोड का ही हिस्सा होता है. ऐसी कार्य योजना तैयार करें जिसमें रोड और ब्रिज के टेंडर अलग-अलग न हों. मुख्यमंत्री ने सड़कों पर माइलस्टोन स्थापित करने का आदेश भी दिया है, ताकि दूसरे जगहों से आने-जाने वाले लोगों को राहत मिले.

सड़क निर्माण योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गयी

इस दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष राज्य की सड़क निर्माण से संबंधित योजनाओं पर प्रेजेंटेशन रखा. सचिव ने मुख्यमंत्री को राज्य भर में चल रहे मेजर रोड प्रोजेक्ट की कार्य प्रगति से अवगत कराया. इस दौरान खूंटी जिला के अड़की-कोरबा-बिरबांकी-कोचांग-बंदगांव, बालूमाथ-उदयपुरा, नया चौक से रजरप्पा रोड, लालपनिया मोड़ से नया मोड़ बोकारो के

कार्य प्रगति की जानकारी दी गयी. बैठक में स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) के अंतर्गत बनायी जा रही सड़कों की भी समीक्षा की गयी. कोयल नदी गढ़वा में बन रहे सुंदीपुर-पंसा रोड हाई लेवल ब्रिज एवं मयूराक्षी नदी पर बन रहे ब्रिज की कार्य प्रगति की भी जानकारी दी गयी.

Related Articles

Back to top button