Crime NewsDhanbadJharkhand

काम पर जा रहे मजदूर की सड़क हादसे में मौत, साथ जा रही महिला घायल

Dhanbad : कालुबथान ओपी क्षेत्र के काटाजनी मोड़ के समीप सूमो कार और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार प्रकाश महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बलियापुर चिरकुंडा मुख्य सड़क को जाम कर दिया.
इधर, घटना की खबर पाकर निरसा सीओ, कलियासोल बीडीओ और निरसा एसडीपीओ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और तत्काल मृतक के परिजन को राहत दिलाने की बात कहकर मौके पर से जाम हटवाया.

जानकारी के अनुसार बलियापुर से आ रही सूमो कार ने कलियासोल से जा रहे बाइक सवार को ठीक काटाजनी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर मार दी. इसमें लखीपुर निवासी प्रकाश महतो की मौके पर ही मौत हो गयी और बाइक पर पीछे बैठी मालती मझियाइन गंभीर रूप से घायल हो गयी. मृतक प्रकाश महतो दैनिक मजदूर था. घायल मालती भी दैनिक मजदूर है. दोनों काम करने साइट पर जा रहे थे.

दुर्घटना की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीण वहां पहुंचे और बलियापुर-चिरकुंडा मुख्य सड़क को जाम कर दिया. इधर कालुबथान पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे. बाद में निरसा सीओ, कलियासोल बीडीओ व निरसा एसडीपीओ पहुंचे और मृतक के परिजनों को तत्काल राहत दिलाने का भरोसा दिलाया. तब जाकर ग्रामीण शांत हुए और सड़क जाम हटाया.

जिप सदस्य सह मासस नेता दिल मोहम्म्मद ने बताया कि मृतक का परिवार बुहत गरीब है. बीडीओ, सीओ की तरफ से तत्काल राहत मृतक के परिवार को दी गयी. साथ ही प्रधानमंत्री आवास बनाये जाने की बात पर सहमति बनी और बीमा के पैसे का भुगतान मृतक की पत्नी को जल्द दिये जाने के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया. वहीं, घायल महिला मालती को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया.

Related Articles

Back to top button