
Jamtara : भाजपा ने जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में बुधवार को एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया. धरना के माध्यम से भाजपा ने हेमंत सरकार को जमकर कोसा. कहा कि यह सरकार जनविरोधी है. इसे आम जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं रह गया है.
जामताड़ा प्रखंड कार्यालय में धरना कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार को राज्य के मजदूर, किसान, आमजन से कोई मतलब नहीं रह गया है. सिर्फ बालू, पत्थर, कोयला तस्करी और ट्रांसफर-पोस्टिंग की सरकार बनकर रह गयी है.
सुरक्षित नहीं हैं महिलाएं
वीरेंद्र मंडल ने कहा कि यह सरकार खुद को किसानों की हितैषी बता रही है और किसानों का धान भी नहीं ले रही है. कोरोना काल में सभी विकास कार्य ठप पड़ गये हैं. मजदूरों का पलायन हो रहा है. लोगों के पास रोजगार नहीं है. चुनाव के समय बेरोजगारों को रोजगार देने की घोषणा की थी. कृषि लोन माफ करने सहित कई वादे किये, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ. मंडल ने कहा कि राज्य में महिलाएं, लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं. दिनदहाड़े हत्या और बलात्कार आम बात हो गयी है.
भाजपा ने जिले के नाला, कुंडहित, फतेहपुर, करमाटांड़ व नारायणपुर प्रखंड में भी धरना दिया. धरना के बाद बीडीओ को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा. मौके पर जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह, सुकुमार सरखेल, सतीश सिंह, उदय मंडल, अनूप पांडेय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.




