
- नए सत्र से देश के 33 सैनिक स्कूलों में लड़कियों का भी होगा नामांकन
Koderma: रक्षा मंत्रालय ने सैनिक स्कूल के माध्यम से लड़कियों एवं पिछड़े वर्ग को नया तोहफा देते हुए सत्र 2021-22 से सैनिक स्कूलों में नामांकन हेतु आरक्षण का प्रावधान किया है जिससे लड़कियों को सैन्य सेवा में समुचित प्रतिनिधित्व मिल सके.
गौरतलब है कि पहले सैनिक स्कूल सिर्फ लड़कों के लिए आवासीय विद्यालय थे, पर अब भारत के सभी 33 सैनिक स्कूलों के द्वार लड़कियों के लिए खोल दिए गए हैं जिसे काफी सराहा जा रहा है. साथ ही सत्र 2021-22 से पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण की पहल की है जिससे सैनिक स्कूलों में एक नया अध्याय आरंभ हो रहा है.
इसे भी पढ़ें :बिक गये आबोहवा में जहर घोलनेवाले करोड़ों के पटाखे, तब आया है सिर्फ ग्रीन पटाखे बेचने का आदेश
इस प्रकार पूर्व से अनुसूचित जाति 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति 7.5 प्रतिशत, सैन्य सेवा 25 प्रतिशत आरक्षण के अतिरिक्त लड़कियों के लिए 10 प्रतिशत तथा पिछड़े वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षित है, शेष रिक्तियां सामान्य वर्ग के लिए होगी.
सैनिक स्कूल तिलैया के प्राचार्य ग्रुप कप्तान आर सकलानी ने रक्षा मंत्रालय की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि यह चीर प्रतीक्षित आकांक्षा थी जिसे पाकर लड़कियों की हसरतों को मानो नए पंख लग गए. वहीं पिछड़े वर्ग समूह को सैन्य सेवा में अपनी भागीदारी की अधिकाधिक संभावनाएं नजर आने लगी हैं.
नारी सशक्तीकरण और सामाजिक समरसता एवं उत्थान के इस प्रयास से सैनिक स्कूलों के कलेवर में एक गुणात्मक झलक दिखाई देगी. ले कर्नल डीके विश्वकर्मा, उप प्राचार्य एवं लेफ्टिनेंट कमांडर कुमार हिमांशु शेखर, प्रशासनिक अधिकारी ने भी रक्षा मंत्रालय के इस प्रयास को सार्थक एवं प्रशंसा के योग्य बताया है.
इधर प्राचार्य ने बताया कि सैनिक स्कूल तिलैया में कक्षा 6 में लड़कों और लड़कियों के लिए और कक्षा 9 में केवल लड़कों के लिए 20 अक्टूबर 2020 से 19 नवंबर 2020 तक प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें :बाइक चुराकर मालिक से ‘फिरौती’ वसूलने वाला चोर गिरफ्तार




