
- आइवाश है ग्रीन पटाखे बेचने का आदेश
- राजधानी में जिला प्रशासन के आदेश के बाद ही पटाखे बेचने का स्थान तय हुआ था
Kumar Gaurav
Ranchi: झारखंड राज्य प्रदूषण बोर्ड ने एक आदेश जारी किया है. जारी आदेश के अनुसार राज्य में रांची सहित 14 शहरों में सिर्फ ग्रीन पटाखे जलाये जा सकेंगे. मतलब सिर्फ वैसे पटाखे जिससे 50 फीसदी कम प्रदूषण होता है. जिसमें हानिकारक केमिकल्स का इस्तेमाल नहीं होता है. पर ये आदेश दीवाली से मात्र 72 घंटे पहले जारी किया गया है.
ध्यान देनेवाली बात यह है कि दीवाली के लिए पटाखों की बिक्री 15 दिन पहले से जारी है. जहां ग्रीन और सामान्य पटाखे दोनों की बिक्री की गयी है. विक्रेताओं के अनुसार ग्रीन पटाखों के दाम 15 से 20 प्रतिशत अधिक हैं. जब कम दामों में बाजार में पटाखे उपलब्ध रहेंगे तो अधिक दाम देकर ग्रीन पटाखे खरीदनेवालों की संख्या कितनी होगी यह बताने की शायद जरूरत नहीं है. जब लोगों ने सामान्य पटाखे खरीद लिये हैं तो अलग से ग्रीन पटाखे खरीदने तो जायेंगे नहीं और जो पटाखे खरीदे गये हैं वही पटाखे वे जलायेंगे.
प्रदूषण बोर्ड का निर्देश पहले आ गया होता तो ऐसी स्थिति सामने नहीं आती. ग्रीन पटाखे बेचने के लिए आदेश जारी होने के बाद भी उन सभी 14 शहरों में सामान्य पटाखों की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है, जिसकी मॉनिटरिंग के लिए कोई व्यवस्था नहीं है. ऐसे में निर्देश सिर्फ आइवाश करने के लिए ही है और जारी निर्देशों का पालन करा पाना बहुत ही बड़ी चुनौती होगी.
इसे भी पढ़ें :पाक ने की गोलीबारी, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब, 8 सैनिकों को मार गिराया
राजधानी में भी धड़ल्ले से बिक रहे हैं सामान्य पटाखे
सिर्फ ग्रीन पटाखे जलाने के आदेश के बाद भी राजधानी की सड़कों में सामान्य पटाखे धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं. इस पर कोई रोक नहीं है. न ही कोई रोकनेवाला है. ऐसा ही झारखंड के सभी शहरों में हो रहा है. ऐसे में ग्रीन पटाखे जलाने का निर्देश कितना सार्थक परिणाम देगा यह तो दीवाली के दूसरे दिन एयर क्वालिटी इंडेक्स जारी होने के बाद ही पता चल पायेगा.
इसे भी पढ़ें :गोदाम खंगाले जायेंगे, घोटाले बाहर आयेंगे
सिर्फ दो घंटे में ही जला दिये जायेंगे खरीदे गये पटाखे
झारखंड राज्य प्रदूषण बोर्ड ने सिर्फ दो घंटे ही पटाखे जलाने के निर्देश जारी किये हैं. रात 8 बजे से 10 बजे तक ही आतिशबाजी की जा सकेगी. पिछली दीवाली में भी समय सीमा तय की गयी थी, जिसे कम से कम राजधानी के लोगों ने बहुत हद तक पालन किया था. पर, खरीदे गये सारे पटाखे सिर्फ 2 घंटे में ही जला दिये गये थे. और पॉल्यूशन का लेवल लगभग उतना ही था. इस बार भी खरीदे गये सारे पटाखे सिर्फ दो घंटे में जला दिये जाने की संभावना है.
इन जिलों के लिए सिर्फ ग्रीन पटाखे जलाने का निर्देश
झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने रांची, रामगढ़, बोकारो, पलामू, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसांवा, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहेबगंज में सिर्फ ग्रीन पटाखे जलाने का निर्देश जारी किया है.
इसे भी पढ़ें :बाइक चुराकर मालिक से ‘फिरौती’ वसूलने वाला चोर गिरफ्तार




