
Patna: बिहार विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती के ताजा आंकड़ों के अनुसार सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विपक्षी महागठबंधन पर बढ़त बनाये हुए है. राजग अब तक 33 सीटें जीत चुकी है और 93 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है.
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पांच दलों की विपक्षी महागठबंधन 33 सीटें जीत चुकी है और 79 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है.
फिलहाल रुझान में राजग 126 सीटों पर बढ़त या जीत हासिल करती दिख रही है जो 243 सदस्यीय विधानसभा में सामान्य बहुमत से एक सीट अधिक है. वहीं, विपक्षी महागठबंधन 112 सीटों पर बढ़त या जीत हासिल करती दिख रही है.
बहरहाल, कई सीटें ऐसी हैं जहां बढ़त का अंतर का 1,000 मतों से कम है, ऐसे में परिणाम किसी के भी पक्ष में जा सकता है.
भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा को 19 सीटों पर जीत हासिल हुई है जबकि जदयू को 13 सीटों और वीआईपी पार्टी को दो सीटों पर जीत मिली है.
रुझानों के अनुसार, भाजपा 55 सीटों पर बढ़त बनाये हुए जबकि जदयू 32, हम 2 और वीआईपी पार्टी 2 सीटों पर आगे चल रही है.
विपक्षी महागठबंधन में राजद के खाते में 20 सीटें गई हैं और वह 53 पर बढ़त बनाये हुए हैं. कांग्रेस ने 7 सीटें जीती हैं और 13 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है. माकपा ने एक सीट जीती है और 1 पर बढ़त बनाये हुए है. भाकपा एक सीट जीत चुकी है और दो पर बढ़त बनाये हुए हैं. भाकपा माले 5 सीटें जीत चुकी है और 7 पर आगे चल रही है.
असदुद्दीन ओवैसी की एमआईएमआईएम एक सीट जीत चुकी है और चार सीटों पर आगे चल रही है जबकि बसपा एक सीट पर बढ़त बनाये हुए है. निर्दलीय एक जीत चुके हैं.
इसे भी पढ़ें – कहानियां झारखंड आंदोलन की-3 : 72 घंटे का झारखंड बंद, जिसने सरकार को हिला दिया था




