
♦25 किसानों को मिलेगा 10-10 किलो उरद बीज
Palamu : पलामू जिले के पिपराटाड़ थाना क्षेत्र के लोहरसी में किसानों के ‘धान के खेत में लगाने से पूर्व सूख कर पुआल हो जाने की खबर न्यूज विंग में प्रमुखता से छपने के बाद इसकी जांच शुरू कर दी गयी है. गुरुवार को जिला कृषि पदाधिकारी जुबैर अली, वरीय कृषि वैज्ञानिक चियांकी राजीव कुमार, उप परियोजना निर्देशक आत्मा मनोज सिंह, बीटीएम प्रदीप तिवारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार लोहरसी और पांकी क्षेत्र की जिला पार्षद सह भाजपा नेत्री लवली गुप्ता लोहरसी पहुंचे और किसानों के खेतों का मुआयना किया.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में 163 नये कोरोना संक्रमित मिले, कुल आंकड़ा 6924 पहुंचा
अपने कार्यकाल में पहली बार देखा ऐसा मामला: कृषि पदाधिकारी
मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार का मामला उन्होंने आज तक न देखा न सुना था. उनके कार्यकाल में यह अनोखा मामला है. प्रथम दृष्टया मिट्टी में वर्म के कारण ऐसा हो सकता है या अगर किसानों ने खेत में ज्यादा यूरिया डाल दिया हो, लेकिन यहां के किसान यूरिया दिये ही नहीं हैं. धान के बिचड़े और मिट्टी का नमूना जांच के लिए ले लिया गया है. जांच के लिए सैम्पल रांची प्रयोगशाला में भेजा जायेगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्प्ष्ट हो पायेगा कि किस कारण से ऐसा हुआ?
20 हेक्टेयर में लगायी जायेगी उरद
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि लोहरसी के 25 किसानों को दस-दस किलो उरद का बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है. कृषि मित्र को किसानों की सूची बनाने का निर्देश दिया गया है. सूची मिलते ही किसानों को उरद का बीज उपलब्ध करा दिया जायेगा. कृषि पदाधिकारी ने प्रभावित किसानों को अपने स्तर से बिचड़ा देने की घोषणा की. उन्होंने बताया कि किसान अन्नदाता हैं. अभी जो लोहरसी के किसानों के साथ हुआ वह वाकई चौंकाने वाला है. किसानों को जो बिचड़े का नुकसान हुआ है उन किसानों की भरपाई वे अपने स्तर से करेंगे.
इसे भी पढ़ें – पूर्व आरबीआइ गवर्नर रघुराम राजन ने कहा – आरबीआइ कब तक सरकार को देगा उधार
बिचड़ा लगाते समय कई कमियां रह गयीं: कृषि वैज्ञानिक
चियांकी के कृषि वैज्ञानिक राजीव कुमार ने बताया कि किसानों को खेत में धान का बिचड़ा डालने के समय डीएपी के साथ-साथ पोटास भी डालना था, लेकिन किसानों द्वारा ऐसा नहीं किया गया. पंद्रह दिनों के बाद यूरिया का छिड़काव करना था और कीटनाशक का भी प्रयोग किया जाना चाहिए था, जो किसानों ने नहीं किया. नेमाटोड (सूत्र कृमि ) के कारण भी ऐसा हो सकता है. बिचड़े और मिट्टी की जांच के बाद कारण स्प्ष्ट हो पायेगा कि ऐसा क्यों हुआ?
किसानों के नुकसान की भरपाई करे सरकारः जिला पार्षद
मौके पर उपस्थित जिला पार्षद (पांकी पूर्वी क्षेत्र) सह भाजपा नेता लवली गुप्ता ने कहा कि किसानों के साथ जो हुआ वह तो जांच का विषय है. सभी प्रभावित किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए उपायुक्त पलामू से बात कर उन्हें मुआवजा दिलाने का प्रयास करुंगी.
मौके पर अनूप कुमार, मुकेश गुप्ता, रंजय ठाकुर, कृषि मित्र सुजीत पासवान, किसान मुरारी साव, शिव साव, बौद्ध साव, महेंद्र साव, भंटू साव, सत्येंद्र साव सहित कई लोग मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – धनबाद : निरसा थानेदार के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद थाना सील



