
♦नगर विकास विभाग सचिव ने मीडिया में आयी खबरों पर लिया संज्ञान, नगर आयुक्त को दिया निर्देश
Ranchi : राजधानी की सफाई के काम का ठेका ले कर काम कर चुकी कंपनी एस्सेल इंफ्रा ने निगम के संविदाकर्मियों के साथ वेतन भुगतान में धोखाधड़ी की थी. मीडिया में यह खबर सामने आने के बाद अब नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे ने मामले में संज्ञान लिया है. इस बाबत उन्होंने नगर आयुक्त मनोज कुमार को निर्देश दिया है कि एस्सेल इंफ्रा की बैंक गारंटी में जमा राशि को काट कर निगम कर्मियों का भुगतान करें. इससे पहले बुधवार को निगम के पार्षद अरुण झा (वार्ड 26) और सुनील यादव (वार्ड 20) ने विभागीय सचिव से मिल उन्हें इस धोखाधड़ी की पूरी जानकारी दी थी. पार्षद से जानकारी मिलने के बाद विभागीय सचिव ने यह निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें – Corona Update : 24 जून को झारखंड में 6 कोरोना पॉजिटिव मिले, कुल संख्या हुई 2207
कर्मियों के करोड़ों रुपये लेकर फरार होने का एस्सेल इंफ्रा पर लगा है आरोप
बता दें कि पार्षद अरुण झा ने यह आरोप लगाया था कि आउटसोर्सिंग कंपनी एस्सेल इंफ्रा ने लेबर, सुपरवाइजरों सहित करीब 1000 व्यक्तियों का 2 से 3 महीना का वेतन लेकर फरार हो गयी है. साथ ही कंपनी ने कर्मियों के वेतन से पीएफ तो काटा, लेकिन यह राशि पीएफ एकाउंट में नहीं भरा. इससे पहले काम कर चुकी कंपनी एटू जेड भी करीब डेढ़ महीना का वेतन लेकर फरार हो गयी थी. सुपरवाइजरों को करीब 12000 और लेबर को प्रतिमाह करीब 6000 रुपये मिलते हैं. इस हिसाब से कंपनी करोड़ों रुपये लेकर फरार हुई है.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह : दो नये केस मिलने के बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 69 हुआ, जिले में एक्टिव केस 20
जल्द सुधारेगा हरमू हाउसिंग इलाके में सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम
सचिव से मुलाकात के दौरान हरमू-अरगोड़ा रोड स्थित वसुंधरा एन्क्लेव के पास होनेवाले पानी के जमाव की समस्या भी पार्षद ने बतायी. उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि यहां पुलिया का निर्माण करा कर पानी की निकासी सुनिश्चित कराया जाये. इस पर सचिव ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ जल्द बैठक करने की बात कही. इसके अलावा हरमू में भारत माता चौक से इमली चौक तक के सड़कों का सुंदरीकरण और पुल के निर्माण पर भी कार्रवाई का सचिव ने भरोसा दिया. अरुण झा ने विभागीय सचिव के समक्ष हरमू हाउसिंग इलाके में सीवरेज ड्रेनेज सिस्टम को दुरस्त करने की बात कही. इसपर उन्होंने जल्द ही हरमू हाउसिंग बोर्ड के साथ बैठक करने की बात की.
इसे भी पढ़ें – ग्रामीण इलाकों पर नक्सलियों की निगाह, हर गांव से मांगे 10-10 लोग



