
Ranchi : झारखण्ड में कोरोना से बचाव में स्थानीय भाषाओं का इस्तेमाल बखूबी किया जा रहा है. अलग अलग जिलों में लोकप्रिय लोकल बोली के जरिये ग्रामीण लोगों में इससे रुझान पैदा हो रहा है. पश्चिमी
सिंहभूम में हो भाषा और खूंटी में मुंडारी भाषा का प्रचलन है. जिला प्रशासन द्वारा इन्हीं भाषाओं के जरिये लोगों तक कोरोना से बचाव के लिए सन्देश तैयार कराये जा रहे हैं.
जनप्रतिनिधियों को लेटर भेजने के अलावा वीडियो के माध्यम से लोगों को कोरोना वायरस और इससे बचाव का तरीका बचाने के अलावा उनसे जिला प्रशासन से सहयोग की भी अपील की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह : फरियाद लेकर पहुंची पीड़ित महिला के साथ गांवा थाना प्रभारी ने किया अभद्र व्यवहार, देखिये वीडियो में क्या कहा
डीसी ने मुंडा-मानकी को हो भाषा में पत्र लिखकर मांगा सहयोग
पश्चिमी सिंहभूम के डीसी अरवा राजकमल ने स्थानीय भाषा हो और हिंदी में पत्र लिखकर मानकी-मुंडा और मुखिया और से सहयोग मांगा है. कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को ख़त्म करने के लिए मदद की अपील की है.
साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से जरुरी सूचनाएं साझा करने को भी कहा है ताकि समय पर प्रशासन कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने में समुचित कदम उठा सके. इसमें उन्होंने कई उपयोगी बाते भी कही हैं.
पत्र के मुताबिक सभी मुखिया एवं मानकी मुंडा अपने अपने क्षेत्रों में वैसे व्यक्ति जो बाहर के देश राज्य से आये हैं, अथवा ऐसे व्यक्ति जिनमें संक्रमण के लक्षण पाए जाते हैं, उसकी तत्काल जानकारी जिला प्रशासन को तुरंत दें.
इससे लोगों को होम क्वारेंटाइन या क्वारेंटाइन केंद्र में रहने के लिए जागरूक किया जा सकेगा. इसमें क्षेत्र में होनेवाली किसी की मृत्यु की सूचना के बारे में भी प्रशासन को बताने का आग्रह किया गया है.
कहा गया है कि किसी परिवार को मदद की जरुरत हो तो हेल्पलाइन नं 1950 पर इसकी सूचना दें. राशन कार्ड के लिए आवेदन कर चुके लोगों को अगर कार्ड नहीं मिला हो तो इसकी सूचना बीएसओ को दी जाये.
इसे भी पढ़ें : कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी, इसके लिए Jharkhand-Bazar एप बेहतर उपाय: हेमंत सोरेन
हो भाषा में संवाद आसान
चुरबुड़ी पंचायत की मुखिया मालती गागराई के अनुसार डीसी ने अच्छी पहल की है. चक्रधरपुर प्रखंड की पंचायतों में अधिकांश लोग बोलचाल में हो भाषा को पसंद करते हैं.
इसके अलावा ओड़िया का भी उपयोग कुछ जगहों पर होता है. कई पंचायत प्रतिनिधि और मानकी मुंडा भी हिंदी की बजाये हो भाषा में ही परस्पर संवाद करते हैं. ऐसे में कोरोना से बचाव के लिए सरकार की यह एक अच्छी पहल है.
मुंडारी में बताया जा रहा हाथ धोने का आदर्श तरीका
खूंटी जिला प्रशासन की ओर से मुंडारी भाषा में एक वीडियो तैयार किया गया है. इसे ट्विटर हैंडल पर भी 20 अप्रैल को जारी किया गया है. अब तक ढाई हजार से अधिक लोगों ने इसे देखा है जबकि 26 लोगों ने रिट्वीट भी किया है.
2 मिनट 10 सेकेण्ड के इस वीडियो के जरिये टाटा ट्रस्ट की अलीशा ने लोगों को लगातार हाथ धोते रहने का तरीका बताया है.
सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व तोरपा प्रखंड प्रमुख अनिल भगत के अनुसार खूंटी में बड़ी संख्या में लोग मुंडारी भाषा का ही प्रयोग करते हैं. इसके अलावा नागपुरी का भी प्रचलन है पर मुंडारी में जिला प्रशासन द्वारा तैयार किये गये वीडियो प्रशंसनीय हैं.
इसे भी पढ़ें : #Palamu: एमओ खा जा रहे आदिम जनजाति का अनाज? ऑनलाइन में दो माह की इंट्री कर दे रहे एक माह का राशन




