
Koderma: कोडरमा थाना अंतर्गत इंदरवा में मंगलवार की देर रात सड़क दुर्घटना में घायल बाइक सवार व्यक्ति की इलाज के क्रम में सदर अस्पताल में मौत हो गई. बुधवार को डोमचांच के महथाडीह निवासी मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक पवन कुमार साव (उम्र 49 वर्ष, पिता स्वर्गीय राजकुमार साव) झुमरी तिलैया में सब्जी मंडी के समीप मोबाइल दुकान चलाते थे. मंगलवार की रात दुकान से वह अपनी बाइक के जरिए वापस घर महथाडीह लौट रहे थे. इस दौरान इंदरवा के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद पुलिस के द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया और घटना की सूचना उनके परिजनों को दी गई. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान पवन कुमार साव की मौत हो गई. इसके बाद सदर अस्पताल में बुधवार को अंत्यपरीक्षण के उपरांत शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों ने बताया कि मृतक की दो लड़की और एक लड़का है.
इसे भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने CUJ के स्टूडेंट्स से की समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील




