
Ranchi: राजधानी रांची में कोरोना संदिग्ध की मौत का एक और मामला सामने आया है. रिम्स के ट्रामा सेंटर स्थित कोविड-19 वार्ड में भर्ती 12 साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गयी है. बताया जा रहा है कि बच्ची किडनी की मरीज थी और डायलिसिस पर थी.
इसे भी पढ़ेंःदेश में दो सप्ताह के लिए बढ़ सकता है लॉकडाउन, मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में पीएम ने दिये संकेत
बता दें कि बच्ची का सैंपल कोरोना टेस्ट के लिए शुक्रवार को लिया गया था, और शनिवार यानी आज उसकी जांच रिपोर्ट आयेगी. फिलहाल बच्ची के शव को परिजनों को नहीं सौंपा गया है. शव को मोर्ग हाउस में रखा गया है. कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही शव सौंपा जायेगा.
डायलिसिस नहीं होने से मौत ?
हिंदपीढ़ी की 12 साल की बच्ची को किडनी की बीमारी थी और वो डायलिसिस पर थी. रांची के मेदांता अस्पताल में उसका डायलिसिस होता था. वहां उसका डायलिसिस नहीं हो पाया था. इस वजह से उसे रिम्स में डायलिसिस के लिए आना पड़ा था.
बता दें कि रिम्स में डायलिसिस मशीन की कमी है और मात्र 5 मशीनों के जरिये राज्यभर से आये मरीजों का इलाज होता है.
ऐसे में माना जा रहा है कि डायलिसिस नहीं हो पाने के कारण बच्ची की मौत हो गयी है. हालांकि, रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ पायेगा.
बता दें कि झारखंड में कोरोना के 17 पॉजिटिव केस हैं, जिनमें से रांची की हिंदपीढ़ी से 8 मरीज है. ये इलाका राज्य के लिए कोरोना का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है.
इस मामले में रिम्स प्रबंधन का कहना है कि उसे रिम्स के पेडियाट्रिक विभाग में शिफ्ट किया गया था, उसे डायलिसिस के लिए ले जाया जा रहा था पर 12.45 बजे उसका निधन हो गया. क्योंकि वह हिंदपीढ़ी इलाके की थी, इस कारण उसका कोरोना सैंपल लिया गया है. जांच के बाद ही उसके शव को उसके परिजनों को सौंपा ज सकेगा.
इसे भी पढ़ेंःरांची के हिन्दपीढ़ी इलाके के लोग क्यों जला रहे अखबारों को!




