Bihar

#Lockdown की बिहार में ऐसे उड़ रही धज्जियां, हाइवे पर ट्रकों में मवेशियों की तरह ढोये जा रहे इंसान

Sachidanand

Madhubani : देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. रोज नये मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है. बावजूद इसके कोरोना नियंत्रित करने के लिए सरकार द्वारा किया गया लॉकडाउन कितना कारगर है, यह बिहार से गुजरनी वाली हाइवे पर आसानी से देखा जा सकता है.

बिहार सरकार ने दावा किया है कि बाहर से आने वाले लोगों को बिहार की सीमा पर ही रोका जा रहा है. वहीं उसकी जांच की जा रही है. सरकार का दावा है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में बाहर से आने वाले लोगों को रोकने के लिए वहीं भोजन-पानी की व्यवस्था की गयी है.

साथ ही वहां आइसोलेशन वार्ड भी बनाये गये हैं. इसके साथ ही पंचायत स्तर पर भी आइसोलेशन वार्ड बनाने की बात कही गयी है.

सरकार के दावों में कितनी सच्चाई है, इसे जानने के लिए हमने इस्ट वेस्ट कॉरीडोर (एनएच 57) पर राजे टोल प्लाजा से कुपहा टोल प्लाजा तक का सफर किया.

राजे टोल प्लाजा दरभंगा जिला में पड़ता है और कुपहा टोल प्लाजा सुपौल जिला में. राजे से कुपहा टोल प्लाजा की दूरी लगभग एक सौ किलोमीटर है. इस सौ किमी की दूरी में हमारे सामने ऐसे कई दृश्य आये जिससे देश भर के हाइवे पर लॉकडाउन के बाद उत्पन्न हुई स्थिति का अंदाजा  लगाया जा सकता है.

दृश्य एक : दो अप्रैल. राजे टोल प्लाजा.

#Lockdown का बिहार में ऐसे उड़ रही धज्जियां, हाइवे पर ट्रकों में मवेशियों की तरह ढोये जा रहे इंसानसुबह के लगभग नौ बज रहे हैं. हाइवे पर सामान्य दिनों की अपेक्षा गाड़ियों की संख्या कम है. छोटे-बड़े ट्रक, एंबुलेंस और छोटी निजी गाड़ियां गुजर रही हैं. टोल प्लाजा पर इन गाड़ियों की गति धीमी होती है और फिर तेज हो जाती है.

कुछ ट्रकों की छत पर कुछ लोग आसानी से दिख रहे हैं. टोल प्लाजा से थोड़ा आगे राजे चौक है. चौक पर एक ट्रक रुका हुआ है जिसका नंबर.MH 28BB 1862 है. ट्रक पर सवार कुछ लोग पानी पीने के लिए नीचे उतरे हुए हैं. कुछ अभी भी ट्रक की छत पर बैठे हुए हैं.

ट्रक पर आलू के बोरे भरे हुए हैं. हमने पानी पीने के लिए नीचे उतरे मोहन यादव नामक व्यक्ति से बात की. मोहन ने बताया कि वह कोलकाता में रहकर ठेला चलाता था. उसे मोतिहारी जाना है. उसके साथ पांच लोग हैं.

उसने बताया कि वह हावड़ा रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी में सवार होकर किशनगंज पहुंचा. इसके लिए उन लोगों से मालगाड़ी के गार्ड ने दो-दो सौ रुपये लिये. किशनगंज में यह ट्रक मिला. यह गुवाहाटी से आ रहा था और गोरखपुर जा रहा था, सो इस पर सवार हो गया.

राजे चौक पर हम लगभग एक घंटा रुके. घंटे भर के दौरान हमने कई ट्रक देखे, जिस पर मवेशियों की तरह लोग सवार थे. इस दौरान हमने MB57 5946, PB13B H9501, BR06GD 0441 नंबर के ट्रकों पर लोगों को सवार देखे. इनमें से अधिकतर ट्रक पश्चिम से पूरब की ओर जा रहे थे.

राजे टोल प्लाजा के प्रभारी रमेश तिवारी ने बताया कि वे लॉकडाउन के पहले दिन से ही ऐसे दृश्य देख रहे हैं. लॉकडाउन के कारण टोल फ्री है. टोल पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी बंद है. अगर कैमरा चालू रहता तो हैरान करनेवाला आंकड़ा सामने आ सकता था.

इसे भी पढ़ें : #FightAgainstCorona : स्वास्थ्यकर्मियों को इंसेंटिव के रूप में 1 महीने के अतिरिक्त वेतन का प्रस्ताव

दृश्य दो : दो अप्रैल. स्थान- समिया ढाला

#Lockdown का बिहार में ऐसे उड़ रही धज्जियां, हाइवे पर ट्रकों में मवेशियों की तरह ढोये जा रहे इंसानसुबह के लगभग साढे दस बज रहे हैं. समिया ढाला मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड में पड़ता है. यह कमला बलान नदी के पश्चिमी तटबंध पर है. यहां से एक रास्ता मधुबनी जिला मुख्यालय की तरफ भी जाता है.

भैरव स्थान थाना की ओर से यहां दो कांस्टेबल तैनात किये गये.  कांस्टेबल रमेश पासवान और लक्ष्मी पासवान दिन भर यहां रहते हैं और शाम को घर चले जाते हैं.

हाइवे पर सांय-सांय गुजरते ट्रकों को वे नहीं रोक पाते. वे बताते हैं कि हाइवे पर गुजरने वाले ट्रक हाथ देने और डंडा दिखाने के बाद भी नहीं रुकते. जिन पर मुसाफिर बैठे होते हैं उनकी रफ्तार तो और तेज होती है.

पैदल, रिक्शा, साइकिल या मोटरसाइकिल से आने-जाने वाले लोगों को रोककर वे पूछताछ करते हैं. उनका नाम क्या है? वे कहां से आये हैं और कहां तक जायेंगे, इसकी जानकारी एक कॉपी में नोटकर वे मुसाफिरों को आगे बढ़ने के लिए छोड़ देते हैं.

वे बताते हैं कि इन पांच छह दिनों में पैदल, रिक्शा, टेंपो, साइकिल व अन्य वाहनों से एक हजार से अधिक लोग आसपास के गांवों में आये हैं. ट्रकों में भरकर तो न जाने कितने लोग सीधे चले गये हैं. उनका यह अनुमान सिर्फ दिन भर का है.

रात में भी लोग आ रहे हैं. लेकिन रात में यहां कोई कांस्टेबल नहीं रहता. यहां लगभग दस मिनट रुकने पर एक जुगाड़ गाड़ी आती है. गाड़ी पर घर के कुछ सामान हैं और छह-सात लोग बैठे हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. सभी के सूखे हुए चेहरे पर बदहवासी है.

कांस्टेबल इनसे पूछताछ करते हैं. जुगाड़ गाड़ी से उतरकर मो हबीब, मो आदील और मो. अख्तरुल बताते हैं कि वे लोग दिल्ली से आ रहे हैं और पूर्णिया जायेंगे. तीन हजार रुपये इस जुगाड़ गाड़ी में खर्च हुए हैं. दिल्ली में कंपनी बंद हो गयी है. रहने खाने की समस्या है सो गांव जा रहे हैं.

दिल्ली से यहां तक आने में उन्हें पांच दिनों का समय लगा है. यूपी में सड़क किनारे खाने के लिए कुछ-कुछ मिल जाता था लेकिन जब से बिहार की सीमा में आये हैं खाने का एक दाना भी नसीब नहीं हुआ है. वे बताते हैं कि यूपी में उन्हें दो जगह रोका गया और नाम पता पूछकर छोड़ दिया गया. बिहार में पहली बार उन्हें यहीं रोका गया है. कहीं भी मेडिकल जांच नहीं की गयी है.

दृश्य तीन : दो अप्रैल. स्थान- अररिया संग्राम.

दिन के साढ़े 11 बज रहे हैं. अररिया संग्राम चौक से थोड़ा पहले ही प्रेस लिखी हुई बाइक को देखते ही एक व्यक्ति ने हमें रुकने का इशारा किया. उसने अपना नाम अनवर बताया.

उसने बताया कि उसकी बस्ती में दिल्ली से काफी लोग आये हुए हैं. आज सुबह ही पांच-छह कारों में भरकर लोग दिल्ली से आये. सबने मेडिकल के कागजात बनवा लिये थे. देखिए हाइवे के किनारे उन्हीं की गाड़ियां खड़ी हैं. हाइवे के किनारे दिल्ली नंबर की सचमुच कई कारें खड़ी हैं. इन कारों का नंबर – DL1R 2804, DL1Z 0792, DL3FGA 0034, DL12C 2203, DL3CBD 1167 है.

इसे भी पढ़ें : हिंदपीढ़ी में #Corona स्‍क्रीनिंग के लिए गयी मेडिकल टीम का विरोध, बिना जांच के लौटी

दृश्य चार : दो अप्रैल, स्थान- फुलपरास.

दोपहर के 12 बजकर 35 मिनट हुए हैं. फुलपरास भी मधुबनी जिले का एक सब डिवीजन है. यहां पर दो स्टेट हाइवे भी इस्ट-वेस्ट कॉरीडोर में आकर मिलते है.

उत्तर से आने वाला स्टेट हाइवे भारत-नेपाल सीमा के लौकहा से आती है तो दूसरी घोघरडीहा से. इसके बावजूद यहां एक भी कांस्टेबल नजर नहीं आया. सामान्य दिनों में यहां काफी चहल-पहल होती है लेकिन आज यहां सन्नाटा पसरा हुआ है.

सड़क पर सांय-सांय गुजरते ट्रक रह-रहकर इस सन्नाटे को तोड़ रहे हैं. इनमें से कई ट्रकों पर लोग बैठे हुए हैं. हाइवे के डिवाइडर पर दो नयी साइकिलें खड़ी हैं. उन साइकिलों पर दो-दो बड़े बैग बंधे हुए हैं और उसके बगल में तीन लोग सुस्ता रहे हैं.

मैं उनके पास पहुंचता हूं. इनका नाम विकास, मो अनवारुल और मो हनीफ है. तीनों मधुबनी में नल जल योजना की पाइप बिछाने का काम करते हैं. अभी काम बंद है. सो साइकिल से ही अपने घर भागलपुर के पीरपैंती के लिए निकल पड़े हैं. सुबह पांच बजे मधुबनी से निकले थे. अभी फुलपरास पहुंचे हैं. पता नहीं कब तक भागलपुर पहुंचेंगे.

दृश्य पांच

फुलपरास से हमलोग कुपहा तक आये. रास्ते में भुतही चौक मिला. यह कोसी नदी के पश्चिमी तटबंध पर स्थित है. पश्चिमी तटबंध पर उत्तर की तरफ जायेंगे तो भारत-नेपाल सीमा के कुनौली बॉर्डर पर पहुंच जायेंगे. यह रास्ता ननौर बॉर्डर की ओर भी जाता है.

भुतही चौक मधुबनी जिले में पड़ता है लेकिन यहां से थोड़ा आगे बढ़ेंगे तो सुपौल जिला की सीमा शुरू होती है. यहां से दक्षिण लगभग सात-आठ किमी की दूरी पर सुपौल जिले का एक सब डिवीजन निर्मली बाजार स्थित है.

यहां पर एक भी कांस्टेबल नजर नहीं आया. पान की एक गुमटी अधखुली सी दिखी. पानवाले ने अपना नाम राजू प्रसाद बताया. उसने बताया कि इन चार-पांच दिनों में पैदल, साइकिल, जुगाड़ गाड़ी और रिक्शा ठेला से एक हजार से अधिक लोग आसपास के गांवों में आये.

दिन-रात हाइवे से गुजरने वाले ट्रकों पर लोग बैठे हुए नजर आते हैं. हम वहां लगभग बीस मिनट खड़े रहे. इस दौरान भी हमें तीन ट्रक ऐसे नजर आये जिस पर लोग बैठे हुए थे.

इस्ट वेस्ट कॉरीडोर पर बने कोसी महासेतु से कुपहा टोल प्लाजा पर भी हमें कोई कांस्टेबल नजर नहीं आया. कुपहा टोल प्लाजा सुपौल जिले में पड़ता है.

दृश्य छह

दोपहर के पौने दो बज रहे हैं और हम लौट रहे हैं. अभी भी कई ट्रक ऐसे दिख रहे हैं जिस पर लोग बैठे हुए हैं. बगल से सरसराती हुई एक एंबुलेंस गुजरी है.

लॉकडाउन के बाद से एनएच 57 पर जैसे एंबुलेंसों की संख्या बढ़ गयी है. विभिन्न प्रदेशों के नंबर वाली एंबुलेंस सरसराती हुई गुजर रही है. करीब एक घंटे बाद भैरवस्थान थाना के पास पहुंचते हैं.

यहां पेड़ की छांव में वही एंबुलेंस खड़ी मिलती है. एंबुलेंस में सवार लोग पानी पीने के लिए नीचे उतरे हैं. एंबुलेंस का नंबर JH-01DD 8073 है. चापाकल पर पानी भरते हुए चालक अरुण ने हमें बताया कि वे लोग गुवाहाटी से आ रहे हैं. गोरखपुर जायेंगे.

एंबुलेंस में हमने झांककर देखा तो कोई बीमार व्यक्ति नजर नहीं आया. एंबुलेंस पर सवार लोगों ने हमें फोटो लेने से मना कर दिया.

राजे टोल प्लाजा से कुपहा टोल प्लाजा आने-जाने के दौरान हमने कई ट्रक देखे जिस पर लोग सवार थे. इनमें से कुछ ट्रकों के नंबर हम नोट कर पाये जो इस प्रकार हैं – NL-010 0617, BR060A 1136, CH0IT A1452, HR55Q 2255, RJ.09 GA.0165, AP136669, KA-16 C-8367. इसके अतिरिक्त भी हमारी आंखों के सामने से कई ट्रक गुजरे जिस पर लोग सवार थे.

इसे भी पढ़ें : इधर, शिक्षामंत्री कह रहे निजी स्कूल फीस न लें उधर, स्कूलों ने फीस बढ़ाने के साथ ऑनलाइन जमा करने को भी कहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button